Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
DELHI

नौकर ने ही उड़ाए 40 लाख रुपये, तीन गिरफ्तार

चाेरी के मामले में पकड़े गए आराेपिताें की फाेटाे

नई दिल्ली, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पश्चिमी जिले के पंजाबी बाग थाना क्षेत्र में घरेलू नौकर द्वारा 40 लाख रुपये की नकद चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले को सुलझाते हुए मुख्य आरोपित समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से 36.05 लाख रुपये नकद और चोरी की रकम से खरीदे गए महंगे जूते व कपड़े बरामद किए हैं।

पश्चिमी जिले के पुलिस उपायुक्त दराडे शरद भास्कर ने शनिवार को बताया कि 29 नवंबर को पंजाबी बाग थाने को शिकायत मिली थी कि घर में काम करने वाला नौकर नकद 40 लाख रुपये चोरी कर फरार हो गया है। इस संबंध में 30 नवंबर को मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर संजय दहिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। शुरुआती फुटेज में नौकर ध्रुव घर से खाली हाथ निकलता हुआ दिखाई दिया, लेकिन आगे की जांच में सामने आया कि वह अपने दो साथियों जतीन और शिवम के साथ घूमता नजर आया, जिनमें से एक के पास काले रंग का बैग था।

इसके बाद तीनों आरोपितों के मोबाइल फोन बंद पाए गए और वे दिल्ली से बाहर फरार हो गए। तकनीकी सर्विलांस और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के विश्लेषण से पता चला कि आरोपी जम्मू-कश्मीर की ओर गए थे। लगातार दबाव के चलते ध्रुव और जतीन ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपित एक ही ट्रैवल एजेंसी के जरिए बार-बार अंतरराज्यीय यात्रा कर रहे थे। इसी कड़ी में यह भी सामने आया कि तीसरे आरोपित शिवम ने हिमाचल प्रदेश के लिए कैब बुक की थी। पुलिस ने कैब चालक से पूछताछ कर आरोपित के ठिकाने का पता लगाया और होटल से शिवम को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान शिवम के पास से 36.05 लाख रुपये नकद और चोरी की रकम से खरीदे गए ब्रांडेड जूते व कपड़े बरामद किए गए। सभी बरामद सामान को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया है। आरोपित को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि शेष चोरी की रकम की बरामदगी और मामले में किसी अन्य की संलिप्तता की जांच जारी है।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार पकड़े गए आरोपितों की पहचान जतीन (20), सहयोगी, ध्रुव (20), घरेलू नौकर और शिवम (20 ) सहयोगी (हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार) के रूप में हुई है। तीनाें आराेपित सुल्तानपुरी के रहने वाले है।

—————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *