
रांची, 12 दिसंबर (Udaipur Kiran) . रांची जिले के सदर थाना क्षेत्र में हुए 50 लाख रुपये के गहने की छिनतई मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने खुलासा किया है कि इस वारदात को कुख्यात कोढ़ा गैंग ने अंजाम दिया था. पुलिस ने छापेमारी कर छिने गए सभी गहने बरामद कर लिए हैं. हालांकि अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.
रांची पुलिस ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि बरामद किए गए सामान में सोने के 2 पीस बिस्कुट (लगभग 200 ग्राम), सोने के 7 पीस सिक्के (लगभग 50 ग्राम), सोने की 15 पीस अंगूठी (लगभग 40 ग्राम), 16 जोड़ी सोने की बालियां (लगभग 30 ग्राम), 9 सोने की चेन (लगभग 60 ग्राम), 2 सोने के हार (लगभग 20 ग्राम), एक सोने की गिन्नी समेत अन्य दूसरी चीज़ें (लगभग 25 ग्राम) शामिल हैं.
पुलिस ने बताया कि बरामद सामान में 9 जोड़ी चांदी की पायल (लगभग 350 ग्राम), एक चांदी की चेन और लॉकेट (लगभग 25 ग्राम), 3 चांदी के सिक्के (लगभग 25 ग्राम) और एक जोड़ी चांदी की चूड़ियां (लगभग 50 ग्राम) शामिल हैं. कुल बरामद गहने सोना 425 ग्राम व चांदी 450 ग्राम है, जिनकी कीमत 55 से 60 लाख रुपये बताई जा रही है.
रांची नगर Superintendent of Police (सिटी एसपी) पारस राणा ने बताया कि 8 दिसंबर को सदर थाना क्षेत्र के निवासी निलय प्रकाश अपनी पत्नी के साथ डीएवी बरियातु के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा से लॉकर में रखे गहने निकालकर घर लौट रहे थे. घर पहुंचते ही उनकी पत्नी गेट खोलने लगी, तभी बाइक सवार दो अपराधियों ने उनके कंधे पर लटका बैग झपट लिया और फरार हो गए.
एसपी सिटी ने बताया कि वारदात के बाद निलय प्रकाश ने सदर थाना में दो अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसके बाद घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ Superintendent of Police (एसएसपी) ने सिटी एसपी पारस राणा और सदर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया. तकनीकी अनुसंधान के दौरान मामले में कोढ़ा गैंग की भूमिका सामने आई.
जानकारी की पुष्टि के आधार पर सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार के नेतृत्व में एक टीम को Bihar के कटिहार जिले भेजा गया. स्थानीय पुलिस की मदद से थाना कोढ़ा क्षेत्र स्थित ग्राम जुराबगंज में छापेमारी की गई और रामकुमार यादव के घर से सभी गहने बरामद किए गए.
पुलिस ने मुख्य आरोपित रामकुमार यादव सहित अन्य अपराधियों की पहचान कर ली है. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.——-
(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे
