
सारण, 14 नवंबर (Udaipur Kiran) . सारण जिले मे सभी 10 विधानसभा सीटों के परिणाम घोषित हो चुके हैं. मतदाताओं ने अपना स्पष्ट जनादेश देते हुए जिले को नए जन प्रतिनिधि दिए हैं. चुनावी नतीजों ने जहाँ कुछ दलों के लिए जश्न का माहौल बनाया है. वहीं कुछ को आत्ममंथन के लिए मजबूर किया है.
सारण जिले से विभिन्न विधानसभा के विजयी प्रत्याशियों ने अपनी जीत के बाद पहली प्रतिक्रिया में क्या कहा-
छपरा विधानसभा से भाजपा की नवनिर्वाचित विधायक छोटी कुमारी ने अपनी जीत का श्रेय जनता के अटूट विश्वास और कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत को दिया है.
मढ़ौरा विधानसभा से जीत हासिल करने वाले आरजेडी के नवनिर्वाचित विधायक जितेंद्र राय ने कहा कि यह जीत मढ़ौरा के जनता की जीत है. जितेंद्र राय लगातार चार बार से इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि मैं क्षेत्र के विकास और रोजगार के मुद्दों को प्राथमिकता दूंगा.
तरैया विधानसभा से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक जनक सिंह ने कहा कि यह जनादेश प्रधानमंत्री जी और Chief Minister जी की नीतियों में आस्था का प्रतीक है.
गरखा विधानसभा से जीत हासिल करने वाले आरजेडी के नवनिर्वाचित विधायक सुरेंद्र राम ने जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि वह शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए प्रतिबद्ध हैं.
बनियापुर विधानसभा से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक केदारनाथ सिंह ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने लगातार पांचवीं बार विधायक बनाया है सभी नए पुराने कार्यकर्ताओं को धन्यवाद.
एकमा विधानसभा से जीत हासिल करने वाले जदयू के नवनिर्वाचित बाहुबली विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह ने जनता को धन्यवाद दिया.
सोनपुर विधानसभा से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक विनय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी और Chief Minister नीतीश कुमार के कामों से जन मानस खुश है इसलिए सब लोग एनडीए की सरकार चाहते है.
सारण जिले की 10 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने पांच सीटों पर शानदार जीत दर्ज कर अपना दबदबा साबित किया है, जबकि जदयू ने दो सीटों से इस बार जिले में अपना खाता खोला, वहीं आरजेडी ने तीन सीटों पर विजय हासिल की. कुल मिलाकर सारण ने एनडीए के पक्ष में अपना मत दिया है.
यह चुनाव परिणाम स्पष्ट करता है कि सारण की जनता ने विकास की आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए अपने नेताओं का चुनाव किया है. आने वाले पाँच वर्षों में, ये सभी नवनिर्वाचित जन प्रतिनिधि सारण जिले के विकास पथ पर कैसे आगे बढ़ते हैं, यह देखना महत्वपूर्ण होगा.
—————
(Udaipur Kiran) / Dhananjay Kumar
