Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

मानवता के लिए सोनू सूद द्वारा किया गया कार्य भुलाया नही जा सकताः उप मुख्यमंत्री शुक्ल

रेवा फिल्म फेस्टो-2025 का समापन

– रीवा में आयोजित तीन दिवसीय रेवा फिल्म फेस्टो-2025 का हुआ समापन

रीवा, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि अभिनेता सोनू सूद द्वारा मानवता के लिए किया गया कार्य भुलाया नहीं जा सकता है। कोरोना काल में सोनू सूद ने हजारों-हजारों लोगों को मदद की। उन्होंने रीवा के लोगों को उनके घर पहुंचाने का कार्य किया। हमें सोनू सूद द्वारा किये गये कार्यों पर गर्व है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल रविवार की रात रीवा में आयोजित तीन दिवसीय रेवा फिल्म फेस्टो-2025 के समापन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। दिग्गज फिल्म अभिनेता स्वर्गीय राजकपूर की 101वीं जयंती पर रीवा के कृष्णाराजकपूर आडिटोरियम में तीन दिवसीय रेवा फिल्म फेस्टो-2025 के समापन अवसर पर उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने अभिनेता सोनू सूद का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि रीवा के लोग रिश्ता बनाना ही नहीं रिश्ता निभाना भी जानते हैं। उन्होंने कहा कि कोविड काल में जब रीवा, सीधी, मऊगंज एवं हनुमना के बड़ी संख्या में लोग मुंबई में फंस गये थे और जीवन मरण के लिये संघर्ष करते रहे थे तब मैंने एक ट्वीट किया था और सोनू सूद ने तीन बसों की व्यवस्था कर लोगों को उनके घर तक पहुंचाने का कार्य किया।

शुक्ल ने कहा कि सोनू सूद द्वारा किये गये कार्य प्रशंसनीय हैं। उन्होंने हर मदद चाहने वाले लोगों की आगे बढ़कर मदद की, इसी का परिणाम है कि आज सोनू सूद सभी के दिल में बसते हैं। सोनू सूद जी की लोकप्रियता इतनी है कि हजारों-हजारों की संख्या में लोग आडिटोरियम के अंदर तथा बाहर खड़े हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डेज सोसायटी द्वारा राजकपूर जी की जयंती पर किया गया आयोजन अविस्मणीय रहेगा। राजकपूर आडिटोरियम कलाकारों के लिए एक महत्वपूर्ण स्थल बन गया है जहां कलाकार आत्मा भरने का कार्य कर रहे हैं।

इस अवसर पर अभिनेता सोनू सूद ने कहा कि लोगों की दुआओं से ही जिंदगी को रफ्तार मिलती है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल द्वारा कोरोना काल में किये गये ट्वीट ने मुझे रीवा के लोगों को उनके घर तक पहुंचाने की प्रेरणा दी। रीवा वासी सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें उप मुख्यमंत्री शुक्ल जैसा विजनरी सोच वाला व्यक्ति मिला है। सोनू सूद ने कहा कि रीवा से मेरा दिल से संबंध जुड़ गया है और यह हमेशा हमेशा तक कायम रहेगा और मैं हर समय उपलब्ध रहूंगा।

इस अवसर पर हॉलीबुड रसियन अभिनेत्री एलीना ने सोनू सूद की मानवता की प्रशंसा की तथा बताया कि राजकपूर जी रूस में बहुत ही लोकप्रिय हैं। कार्यक्रम में रीवा की धरती से जुड़े अभिनेता अर्जुन द्विवेदी ने कहा कि आयोजन समिति बधाई की पात्र है जिन्होंने बहुत सारे कलाकारों को एक मंच पर इक्ट्ठा किया।

इससे पूर्व कलाकारों एवं अतिथियों का स्वागत किया गया। तीन दिवसीय आयोजन में पूजा चोपड़ा, विन्ध्या तिवारी, पारूल भटनागर, स्नेहल आचार्य, मान्या सिंह, शांतनु शुक्ला, अविनाश सिंह परिवार तथा हास्य कलाकार रोहित प्यारे ने अपनी प्रतिभा के रंग बिखेरे। समापन अवसर पर विधायक दिव्यराज सिंह, विधायक नरेन्द्र प्रजापति, अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी सहित हजारों की संख्या में स्थानीय लोग एवं युवा उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *