दुनिया को दिखती है अयोध्या की स्वच्छता : महापौर

महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी

– नगर निगम ने किया प्रभावी कचरा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन

– केवल विशिष्टजन के आगमन पर होने वाली सफाई पर्याप्त नहीं: नगर आयुक्त

अयोध्या, 8 दिसंबर (Udaipur Kiran) . महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा है कि अयोध्या की स्वच्छता पूरी दुनिया को दिखती है और सराहना भी मिलती है. उन्होंने इसका श्रेय कर्मचारियों को देते हुए कूड़ा से आर्थिक संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की. महापौर ने दुबई में आयोजित एशियाई मेयर कॉन्फ्रेंस में टोक्यो मॉडल, जिसमें आठ प्रकार से कचरा विभाजित किया जाता है, का उदाहरण देते हुए लोगों को जागरूक करने पर बल दिया. वह साेमवार काे रायबरेली बाईपास पर स्थित कल्याण मंडपम में नगर निगम एवं

चिंतन इन्वायरमेंटल रिसर्च एंड एक्शन ग्रुप दिल्ली द्वारा आयोजित प्रभावी कचरा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे.

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कहा कि सफाई में सुपरवाइजरों की अहम भूमिका है. कूड़ा एकत्र कर एमआरएफ सेंटर तक पहुंचाने के साथ ही उससे खाद का निर्माण अथवा सीमेंट प्लांट तक पहुंचाकर पूरी तरह से उपयोगी बनाया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि केवल विशिष्ठजन के आगमन पर सफाई करना ही पर्याप्त नहीं है. सफाई 24 घंटे और अनवरत स्थापित होने वाली आवश्यकता है. उन्होंने इस मामले में जनसहयोग की भूमिका को भी रेखांकित किया और बताया कि Chief Minister योगी आदित्यनाथ ने बीते 25 नवंबर को अयोध्या को दुनिया की सबसे स्मार्ट सिटी बनाने का संकल्प जताया है.

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएम शुक्ल ने कहा कि सफाई के दौरान सफाईकर्मी ग्लब्स और माॅस्क पहनें. सफाई मित्र समय पर जाएं. दरवाजे को खटखटाएं तथा उन्हें गीला और सूखा कचरा अलग करने के बारे में बताएं. उन्होंने सफाई कर्मियों को जल्द ही टीटी की वैक्सीन लगवाने के लिए शिविर लगाने का भी वादा किया. कार्यशाला का आयोजन गीला-सूखा कचरा पृथक्करण, सफाई उपकरण का सुरक्षित उपयोग तथा एमआरएफ संचालन की सर्वोत्तम प्रथाएं एवं डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण को बेहतर बनाने के लिए प्रशिक्षित करने के लिए किया गया.

कार्यशाला का संचालन राम का घर के संयोजक आलोक सिंह राणा ने किया. इस मौके पर पार्षद रमाशंकर निषाद, सहायक नगर आयुक्त गुरुप्रसाद पांडेय, चिंतन संस्था के ज्ञानदीप एवं विमल, राम की घर की एकता भटनागर, मुख्य सफाई निरीक्षक कमल कुमार, राजू भारती आदि मौजूद थे.

(Udaipur Kiran) / पवन पाण्डेय

Leave a Comment