Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

पिस्टल निशानेबाज सम्राट राणा के लिए बेहद यादगार साबित हुआ 2025 का साल

भारत के युवा पिस्टल निशानेबाज़ सम्राट राणा

काहिरा, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारत के युवा पिस्टल निशानेबाज सम्राट राणा के लिए 2025 का साल बेहद यादगार साबित हुआ है। अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी महासंघ (आईएसएसएफ) ने काहिरा में पिछले महीने आयोजित विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप में उनके स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रदर्शन को वर्ष की शीर्ष पांच प्रस्तुतियों में शामिल किया है।

हरियाणा के करनाल के 20 वर्षीय सम्राट राणा ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह इस इवेंट में सीनियर स्तर पर व्यक्तिगत विश्व खिताब जीतने वाले पहले भारतीय निशानेबाज़ बने। सम्राट ने इसी प्रतियोगिता में अपने पसंदीदा इवेंट में एशियाई पदक विजेता ईशा सिंह के साथ मिलकर मिक्स्ड टीम स्पर्धा में रजत पदक भी हासिल किया।

टॉप-5 प्रदर्शनकर्ताओं की घोषणा करते हुए आईएसएसएफ ने कहा, “इस सीजन चीन के हू काई को हराने वाले एकमात्र निशानेबाज़ सम्राट राणा रहे। उन्होंने दबाव में गजब का संयम दिखाते हुए ऐसा उलटफेर किया, जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी।” आईएसएसएफ के अनुसार पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में सम्राट ने शुरुआत में मामूली बढ़त बनाई, लेकिन छह शॉट बाकी रहते हू काई ने बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद सम्राट ने लगातार दो सीरीज में 10.9 का स्कोर कर मुकाबले में वापसी की। अंतिम दो शॉट से पहले वह 0.1 अंक से पीछे थे, लेकिन 10.2 और 10.6 के शानदार शॉट लगाकर बढ़त बनाई और अंततः स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

शानदार फॉर्म की मिसाल

पूरे सीजन शानदार फॉर्म में रहे विश्व नंबर-1 हू काई को विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक तक सीमित करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि रही। इस स्पर्धा में भारत के ही वरुण तोमर (बागपत, उत्तर प्रदेश) ने कांस्य पदक जीता, जिससे एक ही इवेंट में भारत के दो निशानेबाज़ों का पोडियम पर पहुंचना भी पहली बार संभव हुआ। हालांकि, सीजन के अंतिम मुकाबले आईएसएसएफ वर्ल्ड कप फाइनल (दोहा) में हू काई ने बदला चुकता करते हुए स्वर्ण पदक जीता, जबकि सम्राट राणा (विश्व नंबर-6) को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

हू काई भी आईएसएसएफ की टॉप-5 परफॉर्मेंस सूची में शामिल रहे। उन्होंने इस साल लीमा में हुए आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में लगभग विश्व रिकॉर्ड के बराबर स्कोर किया, जो कोरिया के किम सोंग-गुक द्वारा 2019 में बनाए गए रिकॉर्ड से मात्र 0.1 अंक कम था। इसके अलावा, हू ने इस सीजन छह स्वर्ण पदक जीते और दोहा में वर्ल्ड कप फाइनल जीतकर सीजन का शानदार समापन किया।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *