सेक्टर 11 सीएचबी में हुई 50 लाख की चोरी का खुलासा : पुलिस ने एक नाबालिग को लिया संरक्षण में

जोधपुर, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) ।चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस ने एक बड़ी चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए एक नाबालिग को संरक्षण मे लिया है। पुलिस ने नाबालिग के कब्जे से करीब 50 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की है। चोरी के खुलासे के लिए पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश, डीसीपी वेस्ट विनीत कुमार बंसल के निर्देश पर एडीसीपी रोशन मीना के सुपरविजन में टीम का गठन किया गया।
एसीपी रविंद्र बोथरा ने बताया कि पुलिस के अनुसार चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर 11 निवासी सत्यनारायण खत्री ने रिपोर्ट दी थी कि वह और उसका पुत्र द्रोण सुबह करीब दुकान के लिए घर से निकले थे। शाम को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था, कमरे की लाइटें जल रही थीं और दरवाजे खुले थे। अंदर जाकर देखा तो अलमारियां टूटी हुई थीं और घर से लगभग 25 से 30 तोला सोना, एक किलो चांदी और करीब 2.5 लाख रुपए नकद गायब थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की।
थानाधिकारी ईश्वरचंद्र पारिक ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक नाबालिग संदिग्ध की पहचान हुई। टीम ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग को डिटेन किया। पूछताछ के दौरान नाबालिग ने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने नाबालिग के कब्जे से करीब 50 लाख रुपए के आभूषण और नकदी बरामद किए हैं।
(Udaipur Kiran) / सतीश



