Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

पश्चिम राजस्थान में बादल तो पूर्वी में छाया रहा कोहरा

माैसम

जयपुर, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पश्चिमी विक्षोभ के नए प्रभाव से शुक्रवार को पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहे, जबकि उत्तर-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भरतपुर संभाग और आसपास के इलाकों में सुबह के समय घने कोहरे की संभावना बनी हुई है।

प्रदेश में सर्दी का असर तेज रहा और 21 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। फतेहपुर 4 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। इसके अलावा अलवर में 4.8, सीकर व लूणकरणसर में 5, नागौर में 5.1, दौसा में 5.7, वनस्थली में 6, चूरू में 7.1, पिलानी में 7.6, झुंझुनूं व बारां में 7.7, सिरोही में 7.8, जालोर में 8.1, चित्तौड़गढ़ में 8.2, भीलवाड़ा में 8.4, माउंट आबू में 8.6, कोटा व पाली में 9, करौली में 9.3 तथा श्रीगंगानगर और डबोक में 9.4 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

वहीं बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.3 और न्यूनतम 14.2 डिग्री दर्ज हुआ। राजधानी जयपुर में हल्के बादलों के कारण दिन के तापमान में हल्की गिरावट और रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 28.3 और न्यूनतम 11.6 डिग्री रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार शुक्रवार को उत्तर-पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं कोहरा रहा, जबकि शेष क्षेत्रों में मौसम सामान्य रहा। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान में 22 दिसंबर तक बादल बने रहने और न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है, हालांकि अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। 24 दिसंबर से उत्तरी हवाओं के सक्रिय होने पर न्यूनतम तापमान में फिर 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है तथा 23 और 24 दिसंबर को पश्चिमी व उत्तरी राजस्थान में कहीं-कहीं घना कोहरा दर्ज होने की संभावना है।

—————

(Udaipur Kiran) / राजेश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *