Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

धार जिले के पीएम मित्र पार्क में होगा 10 हजार करोड़ रुपये का निवेश, खुलेंगे रोजगार के अवसर : मंत्री विजयवर्गीय

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की अध्यक्षता में हुई जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक

– मंत्री विजयवर्गीय की अध्यक्षता में हुई जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक

भोपाल, 14 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । मध्‍य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास एवं धार जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि धार जिले में पीएम मित्र पार्क की स्थापना से प्रगति को नई रफ्तार मिलेगी। उन्होंने कहा कि करीब 2 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह प्रोजेक्ट 10 हजार करोड़ से अधिक के निवेश का साक्षी होगा। इससे 50 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और डेढ़ लाख से अधिक लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। पीएम मित्र पार्क में धागा, कपड़ा, कताई-बुनाई, रंगाई, डिजाइन और वस्त्र निर्माण से जुड़ी हर आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी।

प्रभारी मंत्री विजयवर्गीय शनिवार को धार में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में विधायक नीना वर्मा भी मौजूद थीं। मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि पिछले 2 वर्षों में जिले में धार्मिक, पर्यटन, औद्योगिक, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगरीय एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गई हैं। जिला विकास सलाहकार समिति की चर्चा करते हुए प्रभारी मंत्री ने बताया कि समिति में सभी क्षेत्रों के विशेषज्ञों को स्थान दिया गया है। समिति जिले के तेजी से विकास में महत्वपूर्ण रोल अदा करेगी।

बैठक में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में वर्ष 2024-25 में 122 सड़कों के नवीनीकरण से 362 किलोमीटर, वर्ष 2025-26 में 45 सड़कों के नवीनीकरण से 118 किलोमीटर मार्गों में सुधार हुआ है। जल जीवन मिशन में 3 लाख 3 हजार 690 घरों में नल कनेक्शन दिये जा चुके हैं। शहरी क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना में 16 हजार 250 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेडा और समिति के सदस्यों ने जिले के विकास के संबंध में उपयोगी सुझाव दिये।

(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *