Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CRIME

घर से सोने-चांदी के गहने और नकदी ले उड़े चोर

Fir

शिमला, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल में देर रात चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के गहनों और नकदी सहित दो लाख रुपये से अधिक का सामान चोरी कर लिया। इस मामले में पुलिस थाना रोहड़ू में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

शिकायत दिनेश कुमार पुत्र रिडकू राम, निवासी गांव कांडा, रोहड़ू ने दर्ज कराई है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि बीती रात करीब तीन बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर के एक कमरे में रखे संदूक का ताला तोड़ दिया। चोरों ने कमरे में रखे संदूकों से मंगलसूत्र, सोने के आभूषण, दो सोने के पेंडेंट, एक सोने की अंगूठी, एक चांदी की चेन, चांदी की दो जोड़ी पाजेब और करीब एक लाख पचास हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। इसके अलावा, चोरों ने दोनों संदूकों से कपड़े निकालकर कमरे में इधर-उधर बिखेर दिए।

शिकायतकर्ता के अनुसार कमरे की अलमारी में रखा एक वीडियो कैमरा भी चोर अपने साथ ले गए। सुबह जब परिवार के लोगों ने कमरे की जांच की तो चोरी का पता चला। चोरी हुए सभी सामान की कुल कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 के तहत केस दर्ज किया गया है। मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। इस केस की जांच पुलिस थाना रोहड़ू में तैनात हेड कांस्टेबल अनुप कुमार कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है और चोरों का जल्द पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *