मंगलसूत्र लूट के मामले में तीन अभियुक्त गिरफ्तार
उदयपुर, 05 अक्टूबर (Udaipur Kiran News). थाना सुखेर पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए मंगलसूत्र लूट के मामले का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक श्री योगेश गोयल के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री उमेश ओझा और पुलिस उप अधीक्षक (वृत नगर पश्चिम) श्री कैलाश चन्द्र के सुपरविजन में की गई।

दिनांक 03.10.2025 को प्रार्थिया श्रीमती अंजली करोतिया पत्नी कैलाश रेगर, निवासी गांधीनगर, न्यू आरटीओ के पास, थाना सुखेर, जिला उदयपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह रीट परीक्षा की तैयारी कर रही हैं और इसके लिए उन्होंने यूनिक लाइब्रेरी जॉइन कर रखी है।
02.10.2025 को लगभग दोपहर 1:30 बजे, जब वह लाइब्रेरी से पैदल घर जा रही थीं, तभी आरटीओ की बाउंड्री के पास एक बाइक पर सवार तीन युवक पीछे से आए। उनमें से एक ने मीरा गर्ल्स कॉलेज का रास्ता पूछा, और जवाब देने से पहले ही बाइक चालक ने उनके गले से मंगलसूत्र झपट्टा मारकर छीन लिया और तीनों युवक मौके से फरार हो गए।
प्रार्थिया ने बताया कि तीनों युवक पतले-दुबले, 20 से 25 वर्ष आयु के थे, जिनके लंबे बाल थे और वे काली मोटरसाइकिल पर सवार थे। रिपोर्ट पर थाना सुखेर में मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
थानाधिकारी श्री रविन्द्र चारण के नेतृत्व में गठित टीम ने आसूचना और तकनीकी सहयोग से जांच कर मामले का खुलासा किया। पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
गिरफ्तार अभियुक्त:
1️⃣ मोतीलाल उर्फ सोनू पुत्र श्री कालूलाल, निवासी केलवाड़ा, जिला राजसमंद, हाल पालड़ी, थाना बडगांव, उदयपुर।
2️⃣ राहुल पुत्र श्री नटवरदास, निवासी पालड़ी, थाना बडगांव, उदयपुर।
3️⃣ मनीश पुत्र श्री विनोद, निवासी फेनियों का गुड़ा, लोयरा, थाना बडगांव, उदयपुर।



