Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CRIME

उदयपुर में चलती कार में आईटी कंपनी की मैनेजर से गैंगरेप, तीन आरोपी हिरासत में

उदयपुर में चलती कार में आईटी कंपनी की मैनेजर से गैंगरेप, तीन आरोपी हिरासत में

उदयपुर, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उदयपुर में एक प्राइवेट आईटी कंपनी की मैनेजर के साथ चलती कार में गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपनी ही कंपनी के सीईओ, महिला एग्जीक्यूटिव हेड और उसके पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज कर तीनों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना सुखेर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता एक प्राइवेट कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। उसने बताया कि 20 दिसंबर को शोभागपुरा स्थित एक होटल में कंपनी के सीईओ की बर्थडे और न्यू ईयर पार्टी आयोजित की गई थी। पार्टी में सीईओ, महिला एग्जीक्यूटिव हेड, उसका पति सहित कई कर्मचारी शामिल हुए थे। पार्टी रात करीब डेढ़ बजे तक चली, जिसमें शराब का अत्यधिक सेवन किया गया। पीड़िता के अनुसार, जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो उसे घर छोड़ने की बात कही गई। आरोप है कि महिला एग्जीक्यूटिव हैड और सीईओ ने अन्य मेहमानों को धीरे-धीरे रवाना कर दिया। इसके बाद रात करीब 1.45 बजे पीड़िता को उसी की कार में बैठाया गया। कार में महिला एग्जीक्यूटिव हेड, उसका पति और सीईओ मौजूद थे।

रास्ते में एक दुकान से सिगरेट जैसा पदार्थ खरीदकर उसे पिलाया गया, जिससे वह बेहोश हो गई। कुछ समय बाद होश आने पर उसने खुद के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म की बात बताई। आरोप है कि सीईओ और महिला एग्जीक्यूटिव हैड के पति ने उसके साथ बलात्कार किया। सुबह करीब 5 बजे उसे घर छोड़ा गया। पीड़िता ने बताया कि होश में आने पर उसके निजी अंगों पर चोट के निशान थे और कुछ सामान गायब था। बाद में उसने कार के डैशकैम का ऑडियो-वीडियो चेक किया, जिसमें पूरी घटना रिकॉर्ड मिली। 23 दिसंबर को उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

एसपी योगेश गोयल ने बताया कि तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की जांच महिला अपराध की एएसपी माधुरी वर्मा को सौंपी गई है।

—————

(Udaipur Kiran) / सुनीता

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *