क्रिप्टो विनिमय से ठगी करने वाले तीन गिरफ्तार


सीतापुर, 14 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । बॉम्बिटेक्स-बीमैक्स क्रिप्टो विनिमय अनुप्रयोग के माध्यम से लोगों से धोखाधड़ी करने के मामले में सीतापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली नगर एवं साइबर-स्वाट (विशेष कार्य बल) पुलिस टीम ने इस प्रकरण में प्रकाश में आए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चार अदद लैपटॉप और छह मोबाइल बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर जनपद में घटनाओं में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर विनायक भोंसले के नेतृत्व में थाना कोतवाली नगर में पंजीकृत मुकदमा संख्या 347/2025, धारा 318(4)/316(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अमित शर्मा पुत्र विपिन कुमार शर्मा, निवासी करसंडा, थाना संभूगंज, जनपद बांका (बिहार),सचिन कुमार पुत्र सत्य पाल, निवासी ग्राम सलारपुर, थाना जानसठ, जनपद मुजफ्फरनगर, शौर्य वर्धन सिंह सेंगर पुत्र जितेन्द्र सिंह सेंगर, निवासी यशोदानगर गंगापुर कॉलोनी, थाना नौबस्ता, जनपद कानपुर नगर शामिल हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह ने रविवार शाम पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि अभियुक्तों द्वारा क्रिप्टो विनिमय अनुप्रयोग के जरिए निवेश का झांसा देकर लोगों से धन की ठगी की जा रही थी। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के आधार पर प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में प्रस्तुत कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक दुर्गादत्त सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार रावत (साइबर थाना प्रभारी) तथा आरक्षी ओमबीर शामिल रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / Mahesh Sharma



