Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WORLD

न्यूयॉर्क के नाइट क्लब में ताबड़तोड़ गोलीबारी, तीन की मौत, नौ घायल

न्यूयॉर्क, 18 अगस्त (Kiran News)। न्यूयॉर्क शहर के एक नाइट क्लब में रविवार तड़के हुए झगड़े के बाद ताबड़तोड़ गोलीबारी में 19 वर्षीय युवक समेत तीन लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, इस घटना में कई बंदूकधारियों ने दर्जनों गोलियां चलाईं, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

New York nightclub shooting

एबीसी न्यूज के मुताबिक, न्यूयॉर्क पुलिस विभाग की आयुक्त जेसिका टिश ने बताया कि लगभग चार बंदूकधारियों ने क्लब के अंदर अंधाधुंध फायरिंग की। पुलिस के अनुसार, हमलावर शॉर्प शूटर थे। फिलहाल पुलिस फुटेज की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। मृतकों में 35 वर्षीय जैमेल चाइल्ड्स, 27 वर्षीय अमादौ डायलो और 19 वर्षीय मार्विन सेंट लुइस शामिल हैं। टिश ने कहा कि यह घटना गैंगवार का नतीजा हो सकती है।

गोलीबारी की यह घटना रविवार तड़के 3:27 बजे ब्रुकलिन के क्राउन हाइट्स इलाके के टेस्ट ऑफ द सिटी लाउंज में हुई। उस वक्त क्लब में भारी भीड़ थी। पुलिस ने बताया कि मौके से कम से कम 42 कारतूस के खोल बरामद हुए हैं, जो 9 मिमी और .45 कैलिबर हथियारों के हैं। गोलीबारी में प्रयुक्त एक बंदूक बेडफोर्ड एवेन्यू और ईस्टर्न पार्क-वे के पास से मिली है।

न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स ने जनता से अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सहयोग मांगा है। उन्होंने क्लब में मौजूद लोगों से पुलिस की मदद करने की अपील की। पुलिस आयुक्त टिश ने कहा कि यह घटना निश्चित तौर पर भयावह है। हालांकि, पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में इस साल गोलीबारी के मामलों में करीब 22 प्रतिशत की गिरावट आई है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *