Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CRIME

हरियाणा से एमडी लाकर जयपुर में सप्लाई करने वाले तीन तस्कर गिरफ्तार

हरियाणा से एमडी लाकर जयपुर में सप्लाई करने वाले तीन तस्कर गिरफ्तार

जयपुर, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राजधानी में युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ जयपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने मंगलवार को ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एमडी (सिंथेटिक ड्रग) की तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 53 ग्राम 72 मिलीग्राम एमडी तथा तस्करी में प्रयुक्त एक कार जब्त की गई है। जब्त एमडी की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5.50 लाख रुपए बताई जा रही है।

विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन) राहुल प्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरुण सिंह निवासी सोडाला, लोकेंद्र सिंह निवासी मजदूर नगर और प्रशांत शर्मा निवासी वैशाली नगर के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि तीनों आरोपी हरियाणा से एक नाइजीरियन तस्कर हेनरी से एमडी खरीदकर जयपुर में युवाओं के बीच सप्लाई करते थे।

पुलिस के अनुसार आरोपी युवाओं को नशे का आदी बनाकर बड़े नेटवर्क के जरिए ड्रग्स की तस्करी कर रहे थे। पूछताछ में नशे के कारोबार से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं, जिनकी तस्दीक की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि जयपुर में इनके साथ और कौन-कौन लोग इस अवैध धंधे में शामिल थे।

विशेष पुलिस आयुक्त ने बताया कि यह एक संगठित और लंबा नेटवर्क है। आरोपियों द्वारा बताए गए ठिकानों पर सीएसटी की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पूछताछ में उन लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जो इनसे एमडी लेकर आगे सप्लाई करने वाले थे। पुलिस का दावा है कि इस मामले में आने वाले दिनों में करीब आधा दर्जन और गिरफ्तारियां संभव हैं।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जयपुर में नशे की तस्करी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

—————

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *