नैनीताल की तीन वर्षीय सुयषी तिवारी ने मंत्रोच्चारण में बनाया विश्व रिकॉर्ड

अपने रिकार्ड के प्रमाण पत्र के साथ सुयशी तिवारी.

नैनीताल, 9 दिसंबर (Udaipur Kiran) . जिस आयु में अधिकांश बालक-बालिकाएं शब्दों का सही उच्चारण ही सीख रहे होते हैं, उस आयु में नैनीताल की तीन वर्ष चार माह तीन दिन की छोटी सी उम्र में सुयशी तिवारी नाम की बालिका ने असाधारण क्षमता का परिचय देते हुए एक मिनट में दस बार ‘कृष्णाय वासुदेवाय हरे परमात्मने, प्रणतः क्लेश नाशायः गोविंदाय नमो नमः’ मंत्र का स्पष्ट उच्चारण कर विश्व स्तर पर पहचान बनाई है.

सुयषी ने 29 सितंबर 2025 को यह उपलब्धि अर्जित की थी. जिसका प्रमाण पत्र ‘इन्फ्लुएंसर बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ ने अब जारी किया है. बताया गया है सुयशी की रिकॉर्ड-ब्रेकिंग उपलब्धि का वीडियो रिकॉर्ड टीम के लिए भी आश्चर्य का कारण रहा.

मल्लीताल निवासी आदित्य तिवारी और तनुजा तिवारी की पुत्री सुयषी का जन्म 26 अप्रैल 2022 को हुआ था. परिवार का कहना है कि सुयषी को बचपन से ही मंत्रों और भजनों में रुचि रही है तथा वह लगभग बीस से अधिक मंत्र कंठस्थ बोल लेती है और सम्पूर्ण हनुमान चालीसा भी सुना देती है. संस्था ने इसे नियमित अभ्यास, ध्यान और सीखने की अद्भुत क्षमता का परिणाम बताया है तथा छोटी आयु में आध्यात्मिक अभिरुचि को प्रेरणादायक बताया है.

सुयशी के पिता आदित्य तिवारी वर्तमान में गुरुग्राम Haryana में कार्यरत हैं. सुषशी भी वहीं नर्सरी कक्षा में पढ़ती है और घर में उसे नियमित रूप से मंत्रों के अभ्यास का माहौल मिलता है. माता-पिता बताते हैं कि बच्ची स्वाभाविक रूप से इस दिशा में रुचि रखती है और उन्हें बस प्रोत्साहित करने की जरूरत पड़ती है. परिवार, स्थानीय जन और परिचित इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त कर रहे हैं.

(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Leave a Comment