उदयपुर, 21 अगस्त (Udaipur Kiran). आज दिनांक को थूर की पाल के पास एक खेत में खुले कुएं में अजगर गिरने की सूचना वाइल्ड एनिमल रेस्क्यू सेंटर के अध्यक्ष डॉ. चमन सिंह चौहान को मिली. सूचना मिलते ही डॉ. चमन सिंह चौहान, लक्ष्मी लाल गमेती और तेजराम गमेती मौके पर पहुंचे. खेत के बीच बने बिना मुंडेर के कुएं में अजगर एक पत्थर पर बैठा था.

संस्था के सदस्य लक्ष्मी लाल ने रस्सी और सीढ़ी की सहायता से अजगर को सुरक्षित बाहर निकाला. सेंटर अध्यक्ष ने बताया कि खेत मालिक ने उन्हें जानकारी दी कि यह अजगर तीन दिन पहले खेत में देखा गया था, और आज सुबह खेत पहुंचने पर अजगर कुएं में गिरा हुआ मिला. सफल रेस्क्यू के बाद अजगर को वन विभाग की मौजूदगी में सुरक्षित रूप से वन्य क्षेत्र में छोड़ दिया गया.