उमरिया: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में घर में घुसा बाघ, युवक को किया घायल

उमरिया, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के विश्वप्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व क्षेत्र में इन दिनों बाघों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है, वहीं वन्य जीव एवं मानव द्वंद्व भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसी ही एक घटना जिले के ग्राम बेल्दी से सामने आई है। जहां एक बाघ घर में घुस गया और खटिया पर आराम करने लगा ।
बाघों के लिए विश्व प्रसिद्ध उमरिया के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सटे बेल्दी गांव में सोमवार सुबह एक बाघ ने ग्रामीण पर हमला कर दिया। इसके बाद एक मकान में घुस गया और खाट के ऊपर बैठ गया। इससे गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण उसे देखने मकान की छतों पर चढ़ गए। बाघ खेतों के किनारे चलकर गांव तक पहुंचा। सुबह बाघ दुर्गा प्रसाद द्विवेदी के घर में घुस गया, इसको देख गांव के ही गोपाल कोल पुत्र टहलू कोल (25) ने बाघ को भगाने की कोशिश की तो बाघ ने उस पर हमला कर उसके पैर को बुरी तरह जख्मी कर दिया, लोगों के शोर मचाने पर किसी तरह उसकी जान बची। उसे इलाज के लिए तुरंत कटनी जिले के बरही अस्पताल ले जाया गया।
ग्रामीणों द्वारा घटना की जानकारी लगते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन बाघ निकलने का नाम नहीं ले रहा है, वहीं वन विभाग की टीम डाक्टर का इंतजार करने में लगी है।
डाक्टर के आने के बाद ही बाघ को ट्रेंकुलाइज़ कर रेस्क्यू किया जाएगा। बाघ से ग्रामीण दहशत में है और हजारों की तादात में लोग मौजूद हैं, पुलिस और वन विभाग की टीम बाघ को निकालने के प्रयास कर रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / सुरेन्द्र त्रिपाठी



