टाइगर फेस्टिवल: उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने फोटो प्रदर्शनी का किया अवलोकन


जयपुर, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने रविवार को जवाहर कला केंद्र में आयोजित जयपुर टाइगर फेस्टिवल 2025 की भव्य फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी वन्यजीव प्रेमियों, फोटोग्राफरों और आयोजकों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
प्रदर्शनी में वन्यजीव संरक्षण, विशेष रूप से बाघों के संरक्षण और उनके प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने के संदेश को प्रभावशाली तस्वीरों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शित चित्र न केवल बाघों की सुंदरता और गरिमा को दर्शाते हैं, बल्कि उनके संरक्षण की आवश्यकता पर भी गहन सोच के लिए प्रेरित करते हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रकृति, पर्यावरण और जैव विविधता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह प्रदर्शनी भावी पीढ़ियों के लिए वन्यजीव संरक्षण के संकल्प को और मजबूत करती है तथा समाज को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश देती है।
इस दौरान दिया कुमारी ने पारंपरिक राजस्थानी कला मांडना भी स्वयं बनाया । उन्होंने कहा कि मांडना केवल सजावटी कला नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और लोक परंपराओं का जीवंत प्रतीक है।
—————
(Udaipur Kiran)



