Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

टी20आई रैंकिंग में तिलक वर्मा की छलांग, वरुण चक्रवर्ती शीर्ष पर कायम

भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती

नई दिल्ली, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) पुरुष टी20आई प्लेयर रैंकिंग में भारत के खिलाड़ियों को ताजा अपडेट में बड़ा फायदा हुआ है। भारत के विस्फोटक बल्लेबाज़ तिलक वर्मा दो स्थान की छलांग लगाकर बल्लेबाज़ों की सूची में चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं, जबकि स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने गेंदबाज़ों की रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान और मजबूत कर लिया है।

तिलक वर्मा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ हालिया टी20आई सीरीज़ में शानदार प्रदर्शन किया। कटक में खेले गए पहले मैच में 26 रन बनाने के बाद उन्होंने न्यू चंडीगढ़ में 62 रन की अहम पारी खेली और धर्मशाला में नाबाद 26 रन बनाए। इसके दम पर उन्होंने पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान और इंग्लैंड के जोस बटलर को पीछे छोड़ दिया। बल्लेबाज़ों की इस सूची में भारत के अभिषेक शर्मा शीर्ष पर बने हुए हैं। तिलक वर्मा की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग इस साल जनवरी में दूसरा स्थान रही है।

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने तीसरे मैच में टीम के कुल 117 रन में 61 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जिससे उन्हें आठ स्थान का फायदा हुआ और वह 29वें नंबर पर पहुंच गए। वहीं, दूसरे टी20आई में मैच जिताऊ 90 रन बनाने वाले क्विंटन डी कॉक 14 स्थान की छलांग लगाकर 53वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

टी20आई गेंदबाज़ों की रैंकिंग में वरुण चक्रवर्ती ने बीते हफ्ते खेले गए दो मैचों में दो-दो विकेट लेकर अपने खाते में 36 रेटिंग अंक जोड़े। उनके कुल अंक अब करियर के सर्वश्रेष्ठ 818 हो गए हैं।

दोनों टीमों के तेज़ गेंदबाज़ों को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है। भारत के बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह, जिन्हें धर्मशाला मैच में 2/13 के शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था, चार स्थान ऊपर चढ़कर 16वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के मार्को यानसन 14 स्थान की छलांग लगाकर 25वें और लुंगी एनगिडी 11 स्थान ऊपर चढ़कर 44वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

उधर, आईसीसी पुरुष टेस्ट प्लेयर रैंकिंग में न्यूजीलैंड के डेवोन कॉनवे को फायदा हुआ है। वेस्टइंडीज के खिलाफ आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज़ के दूसरे मैच में वेलिंगटन में उन्होंने 60 और 28 रन बनाए, जिससे उनकी टीम ने नौ विकेट से जीत दर्ज की। इस प्रदर्शन के बाद कॉनवे बल्लेबाज़ों की सूची में सात स्थान ऊपर चढ़कर 34वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

मिचेल हे ने अपने टेस्ट करियर की शानदार शुरुआत की और डेब्यू मैच में सर्वाधिक 61 रन बनाते हुए संयुक्त रूप से 78वें स्थान पर एंट्री की। वहीं, जैकब डफी ने दूसरी पारी में केवल 38 रन देकर पांच विकेट झटकते हुए गेंदबाज़ों की रैंकिंग में 15 स्थान की छलांग लगाकर करियर के सर्वश्रेष्ठ 48वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *