Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HARYANA

गुरुग्राम: जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता: सपना यादव

गुरुग्राम के लघु सचिवालय में समाधान शिविर में शिकायतें सुनतीं सीटीएम सपना यादव।

-फैमिली आईडी, राशन कार्ड, पुलिस व बिजली विभाग से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निस्तारण

गुरुग्राम, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । लघु सचिवालय में सोमवार को समाधान शिविर लगाया गया। इसकी अध्यक्षता सीटीएम सपना यादव ने की। शिविर के दौरान फैमिली आईडी, राशन कार्ड, पुलिस विभाग तथा बिजली विभाग से जुड़ी अनेक शिकायतें प्राप्त हुईं। संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जिससे नागरिकों को तुरंत राहत मिली।

शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

फैमिली आईडी में नए सदस्यों को जोडऩे, विवरण में संशोधन, राशन कार्ड से नाम जोडऩे-हटाने, बिजली आपूर्ति से संबंधित बिलों में सुधार तथा पुलिस से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियात्मक शिकायतों पर अधिकारियों ने गंभीरता से सुनवाई की। जिन मामलों में तकनीकी कारणों अथवा नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करने की आवश्यकता थी, उन शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रेषित करते हुए शीघ्र कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए। सीटीएम सपना यादव ने कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ सुना जाए तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जानकारी दी कि आमजन की सुविधा के लिए प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक लघु सचिवालय में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को त्वरित न्याय, पारदर्शी व्यवस्था और समय पर राहत प्रदान करना है। यह जनहितकारी पहल आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *