Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए जनता को सरकार ने एसआईआर में उलझाया: आफाक

पत्रकारों से वार्ता करते राव आफाक व अन्य

हरिद्वार, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राव आफाक अली ने बुधवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए जनगणना से पूर्व एसआईआर कराने को महत्वपूर्ण मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने का माध्यम बताया।

राव आफाक अली ने कहा कि वर्ष 2011 की जनगणना पर देश को चलाया जा रहा है, जिससे न कोई विकास हो पा रहा है। जनता अब मुद्दों को भूलकर वर्ष 2003 की वोटर लिस्ट ढूंढने में लगी हुई है। राव आफाक अली ने कहा कि आज जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए उप जिलाधिकारी के यहां प्रार्थनापत्र के साथ-साथ आंगनबाड़ी व ग्राम प्रधान के लिखित प्रमाण व मोहर, माता-पिता के शपथपत्र के अलावा दो स्वतंत्र गवाहों के शपथ पत्र देने के बाद भी जन्म प्रमाणपत्र नहीं बन पा रहा है।

इन सबके अतिरिक्त कई अधिकारियों की रिपोर्ट लगाने के बाद फिर उप जिलाधिकारी के यहां सभी रिपोर्टों व पत्रों को प्रस्तुत करना होता है, तब कहीं जाकर ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को जन्म प्रमाणपत्र जारी करने के आदेश दिए जाते हैं। इस प्रक्रिया में महीनों लग जाते हैं और शपथ पत्र आदि में खर्चा होता है।

ऐसा ही हाल आधार कार्ड बनवाने व उसमें सुधार कराने का है। प्रक्रिया पूरी तरह बंद पड़ी है और गरीबों, विधवाएं व विकलांग जनों के लिए राशन कार्ड बनना तो दूर की बात है, एक यूनिट तक नहीं बढ़ाई जा रही है। सेटिंग-गेटिंग के खेल में विधवाएं एवं विकलांग मुंह ताकते रह जाते हैं। राव आफाक अली ने कहा कि सरकार ने खनन, शराब व भ्रष्टाचार के अलावा भी आम जन को लूटने के लिए अनेक विभागों को लगा रखा है।

बिजली विभाग ने पहले से दोगुनी महंगी बिजली कर दी है। जिससे आमजन परेशान है। जबकि बड़े-बड़े उद्योगों, बिल्डरों और अवैध रूप से बिजली यंत्रों का इस्तेमाल करने वालों से मिलीभगत कर अधिकारी अपनी जेबें भरने का काम कर रहे हैं।

राव आफाक अली ने कहा कि अब इतने बड़े-बड़े चक्रव्यूहों में फंसा आदमी भला कहां शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई और बेरोजगारी की बात करेगा। इसलिए डबल इंजन सरकार ने जनगणना से पहले एसआईआर कराकर जनता को जन्म प्रमाण पत्रों आदि व 2003 की वोटर लिस्ट में उलझा दिया है।

पूर्व मंत्री किरण पाल वाल्मीकि और महेश राणा ने कहा कि यातायात नियमों के पालन के नाम पर हाइवे से हटकर भी ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे-छोटे मार्गों पर अवैध वसूली की जा रही है। प्रेसवार्ता के दौरान राव काशिफ, डॉ. अनूप व निजाम पठान आदि मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *