दो टेंपो को टक्कर मार चट्टान से टकराया ट्रेलर, लगी आग

ट्रेलर में लगी आग
लगा जाम
क्षतिग्रस्त टेम्पो

रामगढ़, 29 नवंबर (Udaipur Kiran) . रांची-पटना मुख्यमार्ग अंतर्गत फोरलेन के चुटूपालू घाटी में एक बार फिर बड़ी घटना टल गई. यहां दो टेंपो को टक्कर मारने के बाद एक ट्रेलर चट्टान से टकरा गया. इस टक्कर के बाद ट्रेलर में आग लग गई. घटना इतनी भयावाह थी कि वहां से गुजर रहे लोग सहम गए. हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुई.

जानकारी के अनुसार रांची की ओर से आ रहे स्पंज लदा ट्रेलर का चुटूपालू घाटी में अचानक ब्रेकफेल हो गया. इसके बाद ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और आगे जा रहे टेंपो संख्या जेएच 01बीडब्लू 1103 और जेएच 01 एफएम 5462 को अपनी चपेट में ले लिया. इसके बाद ट्रेलर डिवाइडर को तोड़ते हुए चट्टान से जा टकराया. चट्टान से टकराते ही केबिन में आग लग गई. चालक ने किसी तरह कूद कर अपनी जान बचाई. इधर, घटना के बाद रांची पटना मुख्यमार्ग घंटों जाम हो गया. घटना की सूचना पाकर रामगढ़ थाना के सब इंस्पेक्टर बीरबल हेंब्रम दलबल के साथ घटना स्थल पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सदर अस्पताल भिजवाया. वहीं, आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को दिया. सूचना पाकर पहुंचे अग्निशमन के कर्मियों ने ट्रेलर पर लगी आग पर काबू पाया. सड़क पर पड़ी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन के माध्यम से हटवाया, इसके बाद यातायात सुचारू रूप से चालू हो सका.

चुटूपालू घाटी में हाईवा दुर्घटनाग्रस्त

घटना से पूर्व एक हाईवा चुटूपालू घाटी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. जानकारी के अनुसार रांची से रामगढ़ की ओर आ रहे हाईवा संख्या जेएच 02बीएल 4786 एक अन्य वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. जिससे हाईवा का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं, चालक और खलासी बाल-बाल बच गए.

—————

(Udaipur Kiran) / अमितेश प्रकाश

Leave a Comment