Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

ट्रैविस हेड के शतक से ऑस्ट्रेलिया मजबूत स्थिति में, एशेज पर पकड़ और मजबूत

शतक लगाने के बाद जश्न मनाते ट्रैविस हेड

एडिलेड, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । ट्रैविस हेड एक बार फिर इंग्लैंड के लिए दीवार बनकर खड़े हो गए। एडिलेड में खेले जा रहे एशेज टेस्ट में धूप से भरे एक और दिन हेड ने अपने घरेलू मैदान पर लगातार चौथा टेस्ट शतक जड़ते हुए ऑस्ट्रेलिया को मुकाबले में पूरी तरह नियंत्रण में ला दिया। हेड की नाबाद 142 रन की पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी की 85 रन की बढ़त को बढ़ाकर 356 रन की विशाल बढ़त में बदल दिया।

हेड ने पहले उस्मान ख्वाजा के साथ अहम साझेदारी निभाई और इसके बाद एलेक्स कैरी के साथ नाबाद शतकीय साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया की पकड़ और मजबूत कर दी। जैसे ही हेड तीन अंकों तक पहुंचे, एडिलेड की दर्शक दीर्घा तालियों से गूंज उठी, लेकिन इंग्लैंड के लिए यह पल किसी अनहोनी जैसा नहीं था। इससे पहले पर्थ में भी हेड ने उन्हें चोट पहुंचाई थी और यहां भी कहानी वही रही, हालांकि इस बार उनकी बल्लेबाजी ज्यादा संयमित और नियंत्रित दिखी।

यह हेड की मशहूर ‘ट्रैवबॉल’ शैली नहीं थी, बल्कि एक ऐसी पारी थी जिसमें धैर्य, सही शॉट चयन और हालात पर पूरा नियंत्रण नजर आया। 99 रन पर इंग्लैंड को एकमात्र मौका मिला, जब डीप पॉइंट फील्डर अंदर आया और हैरी ब्रूक ने गली में कैच टपका दिया। इसके अलावा हेड ने गैप्स में शॉट खेलते हुए और चौथे गेंदबाज विल जैक्स के खिलाफ चुनिंदा आक्रामकता दिखाते हुए आसानी से रन बटोरे।

इससे पहले इंग्लैंड की पारी में बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर ने संघर्ष जरूर दिखाया। तीसरे दिन की सुबह दोनों ने जुझारू अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखी। स्टोक्स ने 159 गेंदों में अपना सबसे धीमा टेस्ट अर्धशतक पूरा किया, जबकि आर्चर ने मौके मिलने पर आक्रामक शॉट लगाए। दोनों के बीच नौवें विकेट के लिए 106 रन की साझेदारी ने इंग्लैंड के घाटे को कुछ हद तक कम किया। आर्चर ने अपने टेस्ट करियर में पहली बार अर्धशतक भी लगाया।

हालांकि, यह प्रतिरोध ज्यादा देर नहीं चला। मिशेल स्टार्क ने स्टोक्स की रक्षा भेदते हुए उन्हें आउट किया और इसके बाद स्कॉट बोलैंड ने आर्चर को ड्राइव पर मजबूर कर इंग्लैंड की पारी का अंत कर दिया।

दूसरी पारी में इंग्लैंड को तब थोड़ी उम्मीद जगी जब जोश टंग ने सटीक गेंदबाजी की और ऑस्ट्रेलिया 53 रन पर दो विकेट खो बैठा। लेकिन हेड ने जल्द ही वापसी की सारी संभावनाओं पर पानी फेर दिया। उन्होंने न तो जल्दबाजी दिखाई और न ही बेवजह जोखिम लिया। इंग्लैंड ने शॉर्ट गेंदों और ऑफ साइड में भारी फील्ड लगाने की कोशिश की, लेकिन हेड ने आसानी से गैप खोज लिए।

बेहद महंगे साबित हुए विल जैक्स के ऑफ स्पिन ओवर, जिन्होंने 19 ओवर में 107 रन लुटाए। जैक्स ने ख्वाजा को जरूर आउट किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इसके बाद एलेक्स कैरी क्रीज पर आए और दोनों दक्षिण ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने बिना किसी दबाव के नाबाद शतकीय साझेदारी पूरी कर ली। कैरी स्टंप्स तक 52 रन बनाकर नाबाद रहे।

अब ऑस्ट्रेलिया ऐसी बढ़त पर पहुंच चुका है, जहां से इंग्लैंड के लिए वापसी बेहद मुश्किल नजर आ रही है।

संक्षिप्त स्कोर:

ऑस्ट्रेलिया: 371 और 271/4 (ट्रैविस हेड 142*, एलेक्स कैरी 52*; जोश टंग 2/59)।

इंग्लैंड: 286 (बेन स्टोक्स 83, जोफ्रा आर्चर 51; स्कॉट बोलैंड 3/45, पैट कमिंस 3/69)।

ऑस्ट्रेलिया की बढ़त: 356 रन

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *