Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
DELHI

ट्रैविस स्कॉट का लाइव कॉन्सर्ट: जेएलएन स्टेडियम के आसपास ट्रैफिक डायवर्ट

पुलिस का लाेगाे

नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । शनिवार-रविवार को होने वाले मशहूर अमेरिकी रैपर ट्रैविस स्कॉट के लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट ‘सर्कस मैक्सिमस वर्ल्ड टूर’ के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। कार्यक्रम के दौरान रोजाना करीब 50 से 60 हजार लोगों की भीड़ जुटने की संभावना है। कॉन्सर्ट दोनों दिन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक होगा। पुलिस ने ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था से बचने के लिए स्टेडियम के आसपास कड़े इंतजाम और डायवर्जन प्लान लागू किया है।

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार दर्शकों के प्रवेश के लिए स्टेडियम के गेट नंबर 2, 6, 8, 13, 14 और 21 निर्धारित किए गए हैं। गेट नंबर 1 और 10 सिर्फ आपातकालीन स्थिति के लिए आरक्षित रहेंगे।

वाहनों की पार्किंग के लिए दो स्थान तय किए गए हैं। इनमें सेवा नगर बस डिपो और सुनहरी पुल्ला बस डिपो शामिल है।

दोनों जगहों पर पार्किंग व्यवस्था आयोजकों की ओर से की गई है। ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि दर्शक सड़क किनारे या प्रतिबंधित स्थानों पर गाड़ियां खड़ी न करें।

ट्रैफिक डायवर्जन और प्रतिबंध

कॉन्सर्ट के दौरान शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक निम्न स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा -जेएलएन रेड लाइट: बीपी मार्ग से आने वाले वाहन मेहरचंद मार्केट की ओर मोड़े जाएंगे।

-सेवा नगर बस डिपो रेड लाइट: गुरजर चौक की ओर से जेएलएन सर्विस रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। -5वीं एवेन्यू रोड: इस मार्ग से आने वाले वाहनों को यू-टर्न लेना होगा।

-प्रगति विहार रेड लाइट: लोधी रोड से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।

-लाला लाजपत राय मार्ग टी-पॉइंट: स्कोप कॉम्प्लेक्स की ओर बाएं मुड़ना वर्जित रहेगा।

-बरापुल्ला कट (गेट नंबर 5): त्यागराज स्टेडियम से आने वाले वाहन जेएलएन सर्विस रोड नहीं ले सकेंगे।

-जंगपुरा मेट्रो स्टेशन टी-पॉइंट: सूचना भवन की ओर जाने पर रोक रहेगी।

भारी वाहनों पर रोक

18 और 19 अक्टूबर को शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक बीपी मार्ग और जेएलएन स्टेडियम रेड लाइट से भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे बीपी मार्ग, लोधी रोड और स्टेडियम के आसपास की सड़कों से परहेज करें।

रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट या अस्पताल जाने वाले लोग अपने सफर की योजना पहले से बनाएं और मेट्रो व पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें।

एम्बुलेंस, दमकल और पुलिस वाहनों को जरूरत पड़ने पर रास्ता दिया जाएगा, हालांकि उन्हें भी लोधी रोड और बीपी मार्ग से बचने की सलाह दी गई है।

————–

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *