Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

पुलिस स्मृति दिवस पर देश सेवा में प्राण न्यौछावर करने वाले वीरों को दी श्रद्धांजलि

देहरादून, 21 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । टिहरी जिले में मंगलवार को पुलिस स्मृति दिवस श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने बलिदानी पुलिस जवानों को नमन कर श्रद्धांजलि दी।

पुलिस स्मृति दिवस प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को देशभर में मनाया जाता है। इसका इतिहास वर्ष 1959 से जुड़ा है, जब लद्दाख क्षेत्र के हॉट स्प्रिंग में भारत-तिब्बत सीमा की सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) की तीसरी बटालियन की एक कंपनी तैनात थी। 21 अक्टूबर, 1959 को इस कंपनी के 21 जवानों का एक गश्ती दल सीमा क्षेत्र में गश्त कर रहा था। तभी चीनी सेना के एक बड़े दस्ते ने इस गश्ती दल पर घात लगाकर हमला कर दिया। इस संघर्ष में 10 वीर जवानों का बलिदान हो गया था। इन्हीं वीर जवानों की अमर गाथा को स्मरण करने के लिए प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है।

टिहरी गढ़वाल में पुलिस स्मृति दिवस पर चंबा पुलिस लाइन में एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी आयुष अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों, थाना प्रभारियों, पुलिस कर्मियों व नागरिकों ने शहीद पुलिस कर्मियों को पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने कहा कि शहीद पुलिस जवानों का बलिदान सदा अमर रहेगा। उनके त्याग और समर्पण से हमें देश सेवा के प्रति प्रेरणा मिलती है। पुलिस बल का प्रत्येक सदस्य अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहकर देश और समाज की सुरक्षा के लिए तत्पर रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर सभी उपस्थितजनों ने शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि दी। पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने शपथ ली कि वे सदैव देश की एकता, अखंडता एवं जन-सेवा के लिए समर्पित रहेंगे।

(Udaipur Kiran) / विनोद पोखरियाल

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *