Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
INDIA

मध्यप्रदेश: दमोह के जैन परिवार की कार को ट्रक ने मारी टक्कर, पति-पत्नी समेत 4 की मौत

दमोह, 10 सितम्बर (Udaipur Kiran News)। मध्यप्रदेश के सागर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ग्राम शुखालीपुरा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने दमोह के जैन परिवार की कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में पति-पत्नी समेत चार लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

दमोह सड़क हादसा

सूचना मिलते ही मालथौन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्ची को अस्पताल भिजवाया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

हादसे में गई चार जिंदगियां

पुलिस के अनुसार, दमोह के जबेरा निवासी और चंदू स्वीट्स के संचालक सचिन जैन (40) बुधवार को परिवार सहित तीर्थ यात्रा पर निकले थे। कार (MP 20 ZH 1670) से गोलाकोट तीर्थ स्थल (शिवपुरी) जाते समय सागर जिले के मालथौन थाना क्षेत्र में उनकी कार को ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

हादसे में सचिन जैन (40), उनकी पत्नी ऋतु जैन (35), जीजा सुपेंद्र जैन (32) और भांजा अक्ष (ढाई वर्ष) की मौत हो गई। वहीं, सचिन की बेटी आद्या गंभीर रूप से घायल हुई है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने की मदद

मालथौन थाना प्रभारी अशोक यादव ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा। चार लोगों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और घटना की जांच की जा रही है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *