Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HARYANA

पलवल में दो नशा तस्कर गिरफ्तार, प्रतिबंधित इंजेक्शन और दवाईयां बरामद

पलवल, 17 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । कैंप थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन और दवाइयां बरामद की हैं। साथ ही आरोपियों की गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि उनकी टीम भगोड़े आरोपियों और नशा तस्करों की तलाश में थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि न्यू एक्सटेंशन कॉलोनी रसूलपुर रोड निवासी अतुल और उसका साथी पुनीत, निवासी अलावलपुर गांव (हाल निवासी शिव कॉलोनी असावटा मोड़, पलवल), नशीले इंजेक्शन और गोलियां बेचने का धंधा करते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने श्रद्धानंद पार्क के पास दबिश दी, जहां आरोपी अपनी गाड़ी में नशीले इंजेक्शन बेचने के लिए खड़े थे। पुलिस टीम ने मौके से गाड़ी की चालक सीट पर बैठे अतुल और कंडक्टर सीट पर बैठे पुनीत को पकड़ लिया।

इसके बाद तलाशी के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट डीएसपी नरेंद्र खटाना को मौके पर बुलाया गया। तलाशी के दौरान गाड़ी की ड्राइवर सीट के नीचे रखे एक डिब्बे से प्रतिबंधित नशीली गोलियां और इंजेक्शन बरामद हुए। ड्रग कंट्रोल अधिकारी संदीप गहलावत से परामर्श के बाद यह स्पष्ट हुआ कि बरामद इंजेक्शन और दवाइयां एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रतिबंधित श्रेणी में आती हैं। पुलिस ने बरामद सामान और गाड़ी को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

—————

(Udaipur Kiran) / गुरुदत्त गर्ग

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *