Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
ASSAM

मणिपुर में दो उग्रवादी और हथियार तस्कर गिरफ्तार, आईईडी बनाने का सामान बरामद

मणिपुरः पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गये अभियान के दौरान गिरफ्तार दो उग्रवादी एवं एक हथियार तस्कर गिरफ्तार

इंफाल (मणिपुर), 24 सितंबर (Udaipur Kiran News) । मणिपुर पुलिस ने बीते 24 घंटे में तीन जिलों में चलाए गए समन्वित अभियानों के दौरान प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े तीन आरोपितों को दबोचा है। उनके पास से हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बनाने का सामान जब्त किया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने आज बताया कि सबसे अहम गिरफ्तारी 48 वर्षीय कंगजम राकेश सिंह की हुई, जो इंफाल ईस्ट के ब्रह्मपुर बामून लीकाई का निवासी है। उसे मोइरांगखोम ओल्ड थुम्बुथोंग माखोंग इलाके से पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से एक 9 एमएम पिस्तल, मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद हुए। यह बरामदगी सक्रिय हथियार तस्करी नेटवर्क की ओर इशारा करती है।

इसी दौरान पुलिस ने दो सक्रिय उग्रवादियों को भी अलग-अलग जगहों से पकड़ा। इंफाल वेस्ट के बीटी पार्क इलाके में 19 वर्षीय नाओरेम अभिनाश सिंह को पकड़ा गया, जो प्रीपाक संगठन का सदस्य है और हाल ही में काकचिंग क्षेत्र में 5,000 रुपये की वसूली करने का आरोप है। वहीं, बिष्णुपुर जिले के त्रोंग्लाओबी इलाके से आरपीएफ/पीएलए का 45 वर्षीय कैडर सलाम किपजेन सिंह हिरासत में लिया गया। उसके पास से मोटरसाइकिल और संचार उपकरण मिले।

काकचिंग जिले के कैबुंग क्षेत्र में छापे के दौरान पुलिस को बम बनाने से संबंधित भारी मात्रा में सामग्री मिली। बरामद सामान में 470 ग्राम टीएनटी, एक इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, धातु के कंटेनर, छर्रे और कई किलो आईईडी के पुर्जे शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई से पता चलता है कि शांति प्रयासों के बावजूद राज्य में उग्रवादी गुट सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। सभी आरोपितों से मिले मोबाइल फोन और सिम कार्ड की जांच जारी है, जिससे और नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *