Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

फुटबॉलर मेसी के कार्यक्रम के दौरान हंगामा मामले में दो और गिरफ्तार

मेसी 3

कोलकाता, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।

सॉल्टलेक स्थित युवभारती क्रीड़ांगन में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी के कार्यक्रम के दौरान हुई भारी अव्यवस्था के मामले में पुलिस ने आयोजक शतद्रु दत्त के बाद दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों के नाम शुभ्रप्रतिम दे और सौरभ बोस बताए गए हैं। दोनों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवभारती में हुई तोड़फोड़ और हंगामे की घटना को लेकर विधाननगर पुलिस कुल छह लोगों को नोटिस भेजने की तैयारी में है। घटना में कौन कौन लोग शामिल थे, इसका पता लगाने के लिए पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिन लोगों को तलब किया जा रहा है, उनका किसी न किसी रूप में मेसी के कार्यक्रम से संबंध था।

गौरतलब है कि कोलकाता समेत देश के अलग अलग हिस्सों में मेसी के दौरे के मुख्य आयोजक शतद्रु दत्त थे। शनिवार को उन्हें कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल वह पुलिस हिरासत में हैं। रविवार को जब शतद्रु को विधाननगर महकमा अदालत में पेश किया गया, तो पुलिस ने दलील दी कि युवभारती में हुई अव्यवस्था के पीछे शतद्रु के अलावा कई और लोग भी शामिल हैं। उन तक पहुंचने और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए शतद्रु से पूछताछ जरूरी है। इसके बाद अदालत ने उन्हें 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

उल्लेखनीय है कि गत शनिवार 13 दिसंबर को मेसी कोलकाता पहुंचे थे। युवभारती क्रीड़ांगन में आयोजित पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में उनके साथ तस्वीर लेने और हाथ मिलाने के लिए बड़ी संख्या में लोग मैदान के पास जुट गए थे, जिसके बाद मेसी मैदान छोड़कर बाहर निकल गए। मेसी के जाने के बाद दर्शक भड़क उठे। उनका आरोप था कि उन्होंने हजारों रुपये खर्च किए, लेकिन मेसी को ठीक से देख भी नहीं पाए। इसके बाद युवभारती में हालात बेकाबू हो गए और भारी अव्यवस्था फैल गई।

घटना को गंभीरता से लेते हुए विधाननगर पुलिस ने मामले में स्वप्रेरित जांच शुरू की है और लगातार कार्रवाई जारी है।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *