उदयपुर की डा. पुष्पा खमेसरा का नाम एशियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज, पक्षियों पर डाक टिकटों का अनोखा संग्रह

(Udaipur Kiran). डाक टिकट संग्रह के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुकीं उदयपुर की डा. पुष्पा खमेसरा ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उन्होंने पक्षियों पर आधारित 372 देशों के लगभग 14,900 डाक टिकटों का दुर्लभ संग्रह कर एशियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है. उनके संग्रह में कुल पांच लाख से अधिक डाक टिकट शामिल हैं, जो फिलाटेली की दुनिया में एक अद्वितीय उपलब्धि है.

पुष्पा खमेसरा

इससे पहले भी डा. खमेसरा का नाम लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, वर्ल्ड ग्रेटेस्ट रिकॉर्ड और गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड जैसी प्रतिष्ठित रिकॉर्ड बुक्स में शामिल हो चुका है.

डा. खमेसरा का मानना है कि “डाक टिकट केवल डाक भेजने का माध्यम नहीं, बल्कि विश्व की संस्कृति, प्रकृति और इतिहास का आईना हैं. मेरा उद्देश्य इस शौक को नई पीढ़ी तक पहुँचाना और जैव विविधता, विशेषकर पक्षियों के महत्व को उजागर करना है.”

उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि ने न सिर्फ फिलाटेली के क्षेत्र को गौरवान्वित किया है, बल्कि उदयपुर और भारत का नाम भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है.

Leave a Comment