उदयपुर में तेजी से गिरा तापमान, रात का न्यूनतम पारा लुढ़ककर 9.7 डिग्री पर पहुंचा
उदयपुर, 25 नवंबर (उदयपुर किरण)। उदयपुर में सर्दी का असर तेज होता जा रहा है। पिछले तीन दिनों से तापमान में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस गिरकर 9.7 डिग्री पर पहुंच गया, वहीं अधिकतम तापमान भी 0.6 डिग्री गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस गिरावट के साथ ही दिन और रात का तापमान फिर से रविवार के स्तर पर आ गया है। पिछले 48 घंटों में रात का पारा 1.5 डिग्री चढ़ा था, लेकिन अगले 24 घंटों में ही उतनी ही गिरावट आ गई।
सुबह सर्दी, दोपहर में खिली धूप
मंगलवार को शहर में मौसम का मिजाज बदलता रहा। सुबह की शुरुआत ठंडी हवाओं और ठिठुरन के साथ हुई। दोपहर में तेज धूप खिलने से थोड़ी राहत मिली, लेकिन शाम होते ही उत्तरी हवाएं फिर चलने लगीं, जिससे रात में ठंड और बढ़ गई।
अगले दो-तीन दिनों में शीतलहर के आसार
मौसम विशेषज्ञ डॉ. आर.एस. देवड़ा ने बताया कि उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी और गिरते पारे का असर अब मेवाड़ क्षेत्र पर दिखने लगा है।
उत्तर से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं की वजह से उत्तरी राजस्थान में कोहरा भी छाने लगा है। उदयपुर में भी इसका असर बढ़ने की उम्मीद है और अगले दो से तीन दिनों में शीतलहर (कोल्ड वेव) जैसे हालात बन सकते हैं।
तापमान के बड़े अंतर से बढ़ सकती हैं मौसमी बीमारियां
अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच 18.3 डिग्री सेल्सियस का बड़ा अंतर दर्ज किया गया, जिससे मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
दोपहर में हल्की गर्मी और सुबह-शाम की तेज ठंड की वजह से सर्दी, खांसी और वायरल इन्फेक्शन के मरीज बढ़ रहे हैं।
डॉक्टरों ने लोगों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को सलाह दी है कि वे सुबह और शाम के समय गर्म कपड़े पहनें और ठंडी हवाओं से खुद को बचाकर रखें।
उदयपुर में तेजी से गिरा तापमान, रात का न्यूनतम पारा लुढ़ककर 9.7 डिग्री पर पहुंचा




