उज्जैनः परेशान किसान घुटनों के बल पहुंचा आईजी कार्यालय, शिकायतों की माला पहनकर लगाई न्याय की गुहार

उज्जैन, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के उज्जैन में बुधवार दोपहर में शाजापुर जिले के गांव से एक किसान शिकायतों की माला पहनकर घुटनों के बल चलकर देवास रोड स्थित आईजी कार्यालय पहुंचा। इस दौरान किसान ने पुलिसकर्मियों द्वारा परेशान करने की शिकायत भी की।
शाजापुर जिले के पोलायकला क्षेत्र के ग्राम मुबारिकपुर (चिराटिया) निवासी किसान दिनेश सिंह ने बुधवार को उज्जैन आईजी ऑफिस पहुंचकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। दिनेश सिंह का कहना है कि थाना अवंतीपुर बड़ोदिया के पुलिसकर्मियों द्वारा उसे लगातार परेशान किया जा रहा है। कई बार शिकायत करने के बाद भी जब कहीं सुनवाई नहीं हुई तो वह मजबूर होकर घुटनों के बल चलते हुए आईजी कार्यालय पहुंचा और न्याय की गुहार लगाई। दिनेश सिंह ने आरोप लगाया कि फायनेंस किए गए ट्रैक्टर छोडऩे के एक मामले में रोहित कीर नामक युवक को तलाशते हुए थाना प्रभारी घनश्याम बैरागी और आरक्षक रवि, कमलेश व राजेश जाट ने उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। दिनेश का आरोप है कि 30 जुलाई को बिना किसी नोटिस या कानूनी प्रक्रिया के उसे गांव से उठाकर थाने में कई घंटे बैठाए रखा गया और चोरी के झूठे मामले में फंसाने व जेल भेजने की धमकी देकर एक लाख रुपए की जबरन उगाही की गई।
निराश होकर इस तरह लगाई गुहार
उसने यह भी कहा कि उसका मोबाइल जब्त कर लिया गया और पुलिसकर्मी लगातार उसके घर जाकर परिवार को धमका रहे हैं, जिससे वह पिछले तीन महीनों से घर भी नहीं जा पा रहा है। शाजापुर एसपी, आईजी कार्यालय और सीएम हेल्पलाइन पर की गई शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से हताश होकर वह सभी शिकायतों की माला पहनकर आईजी ऑफिस पहुंचा है।
—————
(Udaipur Kiran) / ललित ज्वेल



