उज्जैनः छात्रों को सजा देने वाले अतिथि शिक्षक की ग्रामीणों ने पीटा

उज्जैन, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश के उज्जैन के बडऩगर रोड स्थित ग्राम खरसौदकला के हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ाने वाले अतिथि शिक्षक द्वारा कक्षा 10वीं के 26 छात्र-छात्राओं को पाइप से पीटने का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने शिक्षक को पकडक़र पीट दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, खरसौदकला हायर सेकेंडरी स्कूल में परीक्षा के दौरान कुछ छात्रों ने नकल की थी। जब इसकी जानकारी अतिथि शिक्षक सादिक शेख अगले दिन लगी तो उसने पूरी कक्षा को सजा देते हुए पाइप से पीट दिया। पिटाई से दो छात्रों के पैरों में सूजन आ गई। बात गांव में फैली तो गुरुवार को नाराज परिजनों ने शिक्षक को पकड़ लिया और पीटाई कर दी।
भापटचलाना थाना प्रभारी सत्येंद्र चौधरी ने बताया कि शिक्षक की पिटाई का वीडियो सामने आया है। लोगों ने कपड़े तक फाड़ दिए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ से शिक्षक को सुरक्षित निकाला। देर शाम तक शिक्षक या किसी परिजन द्वारा थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। दूसरी ओर जिला शिक्षा अधिकारी आनंद शर्मा ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / ललित ज्वेल



