Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

अंडर-19 एशिया कप: कुंडू के दोहरे शतक और दीपेश की पंजे से भारत ने मलेशिया को 315 रनों से हराया

भारतीय बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू

दुबई (यूएई), 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू के ऐतिहासिक दोहरे शतक और गेंदबाज दीपेश देवेंद्रन के शानदार पांच विकेट की बदौलत भारत अंडर-19 टीम ने एसीसी पुरुष अंडर-19 एशिया कप 2025 में मलेशिया को 315 रनों के विशाल अंतर से हराया। मंगलवार को दुबई में खेले गए इस मुकाबले के साथ भारत ने टूर्नामेंट में अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की और ग्रुप-ए में शीर्ष स्थान बनाए रखा। मलेशिया की टीम अब तक जीत का खाता नहीं खोल सकी है।

टॉस जीतकर मलेशिया अंडर-19 टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 408 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इस पारी के नायक रहे अभिज्ञान कुंडू, जिन्होंने शानदार नाबाद 209 रन बनाकर कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। कुंडू युथ वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने, जबकि कुल मिलाकर ऐसा करने वाले वह दुनिया के दूसरे खिलाड़ी हैं।

भारत की शुरुआत कुछ झटकों के साथ हुई। कप्तान आयुष म्हात्रे (7 गेंदों में 14 रन) और विहान मल्होत्रा (14 गेंदों में 7 रन) जल्दी आउट हो गए। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने 26 गेंदों में 5 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 50 रन बनाकर आक्रामक पारी खेली, जबकि वेदांत त्रिवेदी ने 106 गेंदों में 90 रन (7 चौके) बनाकर पारी को संभाला। सूर्यवंशी के 11वें ओवर में आउट होने के समय भारत का स्कोर 3 विकेट पर 87 रन था।

इसके बाद क्रीज पर आए अभिज्ञान कुंडू ने आते ही गेंदबाजों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। उन्होंने वेदांत त्रिवेदी के साथ 181 गेंदों में 209 रनों की विशाल साझेदारी की। इसके बाद कनिष्क चौहान के साथ मिलकर सिर्फ 36 गेंदों में 87 रन जोड़े। कुंडू ने अपनी पारी में 17 चौके और 9 छक्के लगाए।

कुंडू ने मात्र 44 गेंदों में अर्धशतक, 80 गेंदों में शतक और सिर्फ 121 गेंदों में ऐतिहासिक दोहरा शतक पूरा किया। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने मलेशिया के सामने 409 रनों का लक्ष्य रखा। इस दौरान उन्होंने अंबाती रायुडू का भारतीय अंडर-19 वनडे में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर (177*) का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

409 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मलेशिया की टीम भारत के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई और 32.1 ओवर में 93 रन पर सिमट गई। मलेशिया की ओर से हमजा पांगी ने 52 गेंदों में 35 रन (4 चौके) बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाए।

भारत के लिए गेंदबाजी में दीपेश देवेंद्रन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 22 रन देकर 5 विकेट झटके। उधव मोहन ने भी 2 विकेट अपने नाम किए।

————–

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *