उदयपुर: कोटड़ा के पाथरपाड़ी गांव में निर्माणाधीन स्कूल भवन गिरा, एक बच्ची की मौत, दूसरी घायल

उदयपुर, 15 अगस्त. उदयपुर जिले की कोटड़ा तहसील के पाथरपाड़ी गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां निर्माणाधीन स्कूल भवन का छज्जा अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आकर एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बच्ची घायल हो गई.

फोटो AI द्वारा बनाया गया है. वास्‍तविक फोटो नहीं है.
फोटो AI द्वारा बनाया गया है. वास्‍तविक फोटो नहीं है.

घटना उस समय हुई जब गांव की दो बच्चियां निर्माणाधीन भवन के पास बकरियां चरा रही थीं. अचानक छज्जा भरभराकर गिर पड़ा, जिससे दोनों बच्चे मलबे के नीचे दब गए. हादसे में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी को ग्रामीणों ने बाहर निकालकर घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया.

ग्रामीणों ने बताया कि जिस भवन का छज्जा गिरा, वहां फिलहाल कोई कक्षाएं संचालित नहीं हो रही थीं. पास के दूसरे भवन में स्कूल चल रहा था, जहां उस समय स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम चल रहा था. हादसे में घायल और मृत दोनों बच्चे स्कूल में नामांकित नहीं थे.

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके के लिए रवाना हुई. घटना के बाद गांव में आक्रोश व्याप्त है. ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माणाधीन भवन को असुरक्षित स्थिति में, बिना किसी बैरिकेडिंग के छोड़ दिया गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ. ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की मांग की है.

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं प्रशासन ने मृतक के परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है. यह हादसा निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर गंभीर सवाल खड़ा करता है.

Leave a Comment