(अपडेट) मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक-युवती की मौत

एआई जनित सांकेतिक फोटो.

सीकर, 1 दिसंबर (Udaipur Kiran) . सीकर जिले के सदर इलाके में sunday देर रात एक दर्दनाक हादसे में युवक और युवती की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई. हादसा जगमालपुरा फाटक के पास रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ, जब दोनों इयरफोन लगाए रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे और उन्हें मालगाड़ी के आने का आभास नहीं हो पाया.

हेड कॉन्स्टेबल विश्राम मीणा ने बताया कि मृतकों की पहचान सुनील कुमार जाट (23) और अनीशा (18) निवासी ताजसर के रूप में हुई है. दोनों ने इयरफोन लगा रखे थे, जिस कारण वे मालगाड़ी की आवाज नहीं सुन सके. सीकर से चूरू की ओर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आने से सुनील का सिर धड़ से अलग हो गया, जबकि अनीशा के सिर में गंभीर चोट लगी. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

हादसे के बाद लोको पायलट ने रेलवे स्टाफ को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. दोनों के शव ट्रैक पर पड़े मिले. सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे. बताया गया कि सुनील अपने परिवार का इकलौता बेटा था और सीकर में एक निजी कोचिंग संस्थान में नौकरी करता था. मृतकों के परिजनों ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया है कि दोनों के परिवार आपस में रिश्तेदार हैं.

—————

(Udaipur Kiran)

Leave a Comment