Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WORLD

(अपडेट) हादी का पार्थिव शरीर आज ढाका पहुंचेगा, पूरी रात हिंसा में मीडिया संस्थान, आवामी लीग बनी निशाना, बंगबंधु के पैतृक आवास पर भी आगजनी

उस्मान हादी (फाइल फोटो)

ढाका, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।बांग्लादेश के इंकलाब मंच के नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद देश के विभिन्न हिस्सों में एकबार फिर उपद्रव और हिंसक घटनाओं का दौर शुरू हो गया है। पिछली शाम से जारी यह उपद्रव शुक्रवार सुबह भी जारी रहने की खबर है। हादी समर्थकों ने शुक्रवार तड़के ढाका के कारवान बाजार स्थित डेली स्टार अखबार की इमारत में आग लगा दी।शुक्रवार शाम उस्माद हादी के पार्थिव शरीर के सिंगापुर से बांग्लादेश पहुंचने पर हिंसा की घटनाएं भड़कने का अंदेशा है।एकदिन पहले गुरुवार को सिंगापुर में इलाज के दौरान उस्मान हादी की मौत की खबर मिलते ही विभिन्न हिस्सों में व्यापक रूप से आगजनी और उपद्रव की घटनाएं हुईं।खासतौर पर आवामी लीग के कार्यालयों व नेताओं को निशाना बनाया गया और मीडिया प्रतिष्ठानों को में भी आगजनी की घटनाएं हुई हैं।

चुनाव प्रचार के दौरान हमलावर ने मारी थी गोली

12 दिसंबर को ढाका के बिजॉयनगर इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान अज्ञात हमलावरों ने हादी के सिर में गोली मार दी थी और गंभीर हालत में उन्हें पहले ढाका में भर्ती कराया गया और स्थिति बिगड़ने पर 15 दिसंबर को एयर एम्बुलेंस से सिंगापुर ले जाया गया जहां इलाज के दौरान गुरुवार को हादी की मौत हो गई। गुरुवार रात राष्ट्र को संबोधित करते हुए अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने हादी की मौत की पुष्टि की। इंकलाब मंच के आधिकारिक फेसबुक पेज ने भी गुरुवार रात इस खबर की घोषणा की।

आज शाम सिंगापुर से ढाका पहुंचेगा हादी का पार्थिव शरीर

हादी का पार्थिव शरीर शुक्रवार शाम 6:05 बजे सिंगापुर से बांग्लादेश पहुंचेगा। इंकलाब मंच के आधिकारिक फेसबुक पेज के जरिये बताया गया है कि उस्मान हादी को बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की वाणिज्यिक उड़ान से वापस लाया जाएगा।

हादी की मौत की खबर के साथ पिछली रात से देश में उपद्रव और हिंसक घटनाओं का दौर शुरू हो गया जो शुक्रवार तड़के तक जारी रहा।इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और भारत के खिलाफ नारेबाजी की गई। इस बात की आशंका जताई जा रही है कि आज शाम हादी के पार्थिव शरीर के सिंगापुर से बांग्लादेश पहुंचने पर नये सिरे से हंगामे का दौर शुरू हो सकता है।

बंगबंधु के पैतृक आवास पर आगजनी

हादी की मौत की खबर से भड़के समर्थकों ने धनमंडी 32 स्थित बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान के पैतृक घर में आग लगा दी। इससे पहले भी दंगाइयों ने पिछले साल इस घर में आगजनी की थी।

मीडिया समूह डेली स्टार कार्यालय पर हमला

उधर, ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार तड़के ढाका के कारवान बाज़ार स्थित डेली स्टार अखबार की इमारत में गुस्साई भीड़ ने आग लगा दी। दमकल कर्मियों की छह इकाइयों ने सुबह तक आग पर काबू पा लिया। घटना के दौरान पत्रकारों समेत कई कर्मचारी इमारत के अंदर फंस गए थे। बांग्लादेश सेना के जवान इलाके की सुरक्षा में जुटे रहे, जबकि भीड़ इमारत के सामने जमा हो गई।

प्रोथोम आलो कार्यालय पर हमला व आगजनी

इससे पहले पिछली रात एक अन्य प्रतिष्ठित मीडिया समूह प्रोथोम आलो को हादी के उग्र समर्थकों ने निशाना बनाया। राजधानी के कावरान बाज़ार स्थित बांग्ला दैनिक प्रोथोम आलो के मुख्य कार्यालय पर गुरुवार देर रात हमला, तोड़फोड़ और आगजनी की घटना घटी। उग्र भीड़ ने प्रोथोम आलो कार्यालय पहुँचकर पूरी इमारत को घेर कर नारेबाजी की। उसके बाद रात करीब 11:45 बजे लाठी-डंडों और छड़ों से लैस प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय में तोड़फोड़ की। मेजें, कुर्सियाँ और महत्वपूर्ण दस्तावेज निकालकर सड़क पर आग लगा दी। इस दौरान काफी संख्या में पत्रकार और दूसरे कर्मचारी कार्यालय के भीतर फंसे हुए थे।

प्रोथोम आलो की तरफ से पाठकों से माफी मांगते हुए कहा गया है कि गुरुवार रात कार्यालय में हुए बड़े पैमाने पर हमले, तोड़फोड़ और आगजनी के कारण सामान्य कामकाज संभव नहीं हो पाया। नतीजतन, अखबार का आज का संस्करण प्रकाशित नहीं हो सका। इसका ऑनलाइन पोर्टल भी अस्थायी रूप से अनुपलब्ध है। क्षतिग्रस्त तकनीकी प्रणालियों को यथाशीघ्र ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है।

बीएनपी महासचिव ने मीडिया पर हमले की निंदा की

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) महासचिव मिर्ज़ा फ़खरुल इस्लाम आलमगीर ने द डेली स्टार, प्रोथोम आलो, न्यू एज के संपादक नूरुल कबीर और अन्य मीडियाकर्मियों पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की हिंसा करने वाले बांग्लादेश के दुश्मन हैं। उन्होंने कहा कि जब शोक संतप्त राष्ट्र शरीफ उस्मान हादी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहा था, तब द डेली स्टार और प्रोथोम आलो सहित मीडिया संगठनों, साथ ही सम्मानित पत्रकार नूरुल कबीर और कई अन्य लोगों पर शर्मनाक हमले किए गए। एक फेसबुक पोस्ट में फ़खरुल ने कहा कि बांग्लादेश एक संप्रभु और स्वतंत्र देश है और सरकार प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि जो लोग राष्ट्रीय संकट का फायदा उठाने के लिए उसका इंतजार करते हैं, वे देश के दुश्मन हैं। आज उन्होंने इस दुखद क्षण को विनाश के कृत्य में बदल दिया। बीएनपी नेता कहा कि हादी आगामी राष्ट्रीय चुनाव में उम्मीदवार थे और लोगों से वोट मांगने गए थे। उन्होंने कहा कि चुनाव होंगे और बांग्लादेश में जनता द्वारा चुनी गई लोकतांत्रिक सरकार बनेगी।

शरीफ उस्मान हादी का परिचय

जुलाई 2024 के शेख हसीना सरकार के खिलाफ आंदोलन में प्रमुख भूमिका निभाने वाले हादी ने अवामी लीग पर संवैधानिक प्रतिबंध की मांग की थी। शेख हसीना के कट्टर विरोधी रहे हादी भारत के खिलाफ भी समय-समय पर जहर उगलते रहे थे। वह आगामी चुनाव में ढाका-8 सीट से स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान 12 दिसंबर को अज्ञात हमलावर में उन्हें गोली मारी दी, जिससे इलाज के दौरान सिंगापुर में उनकी मौत हो गई।

—————

(Udaipur Kiran) पाश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *