बच्चे की मौत पर अस्पताल में हंगामा, डॉक्टर को थप्पड़ मारने का आरोप

दक्षिण 24 परगना जिले के मथुरापुर ग्रामीण अस्पताल

दक्षिण 24 परगना, 12 दिसंबर (Udaipur Kiran) . एक बच्चे की मौत को लेकर दक्षिण 24 परगना जिले के मथुरापुर ग्रामीण अस्पताल में शुक्रवार को तनाव का माहौल हो गया. इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिवार ने विरोध प्रदर्शन किया. एक डॉक्टर को थप्पड़ मारने का भी आरोप लगा है. इस घटना के बाद सुरक्षा की कमी का हवाला देते हुए डॉक्टरों ने काम बंद कर दिया. पूरा माहौल तनावपूर्ण हो गया. बाद में पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया.

अस्पताल और पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार सुबह परिवार के सदस्यों ने डेढ़ साल के एक बच्चे को बुखार और दस्त के लक्षणों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया. बच्चे की शारीरिक स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी. डॉक्टरों ने आधे घंटे तक बच्चे का इलाज किया और नेबुलाइजर भी दिया गया. लेकिन जब उसकी हालत और खराब होने लगी, तो उसे दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया. परिवार के सदस्य जब बच्चे को लेकर निकल रहे थे, तभी उसकी मौत हो गई.

इसके बाद इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिवार के सदस्यों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. पल भर में स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई. आरोप लगाया गया कि डॉक्टर सौरभ हलदार को थप्पड़ भी मारा गया.

अस्पताल में पुलिस सुरक्षा की मांग करते हुए डॉक्टरों ने काम बंद कर दिया. खबर मिलने पर घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया. करीब पांच घंटे डॉक्टरों ने काम बंद रखा. इसके बाद स्थिति सामान्य हुई.

डॉक्टर पर हमले के आरोप में पुलिस ने मृत बच्चे के दादा को हिरासत में लिया है. घटना की जांच शुरू कर दी गई है.

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Leave a Comment