Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

श्रीरामपुर: निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत पर हंगामा, इलाज में लापरवाही और दुर्व्यवहार का आरोप

केयर कंसर्न हॉस्पिटल: फाइल फोटो

हुगली, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । श्रीरामपुर के केयर कंसर्न हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद परिवार ने लापरवाही और दुर्व्यवहार का गंभीर आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रबंधन और एक डॉक्टर के खिलाफ मंगलवार शाम श्रीरामपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई। मृत महिला के पति मुसाफिर गोंड ने यह शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार, गत 30 नवंबर को मुसाफिर गोंड ने दोपहर करीब 2 बजे अपनी 62 वर्षीय पत्नी रामवती देवी को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया था। डॉक्टरों ने बताया था कि मरीज की स्थिति गंभीर है, लेकिन कुछ सुधार हो रहा है।

शिकायत के अनुसार, उपचार के दौरान अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों ने मरीज के परिजनों के साथ दुर्व्यवहार किया। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह का व्यवहार बड़े अस्पतालों तक में देखने को नहीं मिलता।

उन्होंने अस्पताल से एसी रूम की मांग की, लेकिन प्रबंधन ने कहा कि इसके लिए डॉ. अर्पण मुखर्जी की अनुमति आवश्यक है। आरोप है कि डॉक्टर ने आइसीयू का हवाला देते हुए अनुरोध ठुकरा दिया।

इसके अलावा, डॉक्टरों पर कार्डियक चैनल के नाम पर लगातार दबाव डालने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने मंगलवार सुबह 7:15 बजे और 8:30 बजे मरीज को सही तरीके से शिफ्ट करने का अनुरोध किया था, जिस पर अस्पताल प्रबंधन ने कहा था कि मरीज को सामान्य बेड पर स्थानांतरित किया जाएगा।

परिवार का आरोप है कि अस्पताल ने मरीज की स्थिति की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। शाम 4 बजे अचानक उन्हें बताया गया कि रामवती देवी की मृत्यु हो गई है। मृतका के पति का यह भी कहना है कि इससे पहले अस्पताल ने उनके किसी भी कॉल का जवाब नहीं दिया।

मुसाफिर गोंड ने मृत महिला का पोस्टमार्टम कराने, तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

एक अन्य गंभीर आरोप यह भी लगाया गया है कि विजिटिंग आवर के दौरान जब उनकी की बेटी अपनी मां को देखने पहुंची, तब अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों ने उसके साथ धक्का-मुक्की और अशोभनीय व्यवहार किया।

शिकायतकर्ता ने अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।

बहरहाल, खबर लिखे जाने तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। पुलिस शिकायत दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *