Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
SPORTS

एशेज सीरीज का सिडनी टेस्ट खेलेंगे उस्मान ख्वाजा, ऑस्ट्रेलियाई कोच ने लगाया अटकलों पर विराम

ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा

मेलबर्न, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच और चयनकर्ता एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि अनुभवी बल्लेबाज़ उस्मान ख्वाजा इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज का पांचवां और आखिरी टेस्ट सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) में खेलेंगे और यह उनका आखिरी टेस्ट मैच नहीं होगा। हाल के दिनों में मीडिया में यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि सिडनी टेस्ट ख्वाजा का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच हो सकता है।

39 वर्षीय ख्वाजा मौजूदा ऑस्ट्रेलियाई टीम के सबसे उम्रदराज़ खिलाड़ी हैं। टीम में बदलाव और भविष्य की योजनाओं को देखते हुए हाल के मैचों में उनका बल्लेबाजी क्रम बदला गया, जिसके बाद उनके स्थान को लेकर सवाल उठने लगे थे। ट्रैविस हेड को ओपनर बनाए जाने के बाद ख्वाजा ने तीसरे एडिलेड टेस्ट में नंबर-4 और मेलबर्न में खेले गए चौथे टेस्ट में नंबर-5 पर बल्लेबाज़ी की।

हालांकि, एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने इन सभी अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने ख्वाजा के भविष्य को लेकर उनसे कोई बातचीत नहीं की है।

मैकडोनाल्ड ने सोमवार को मेलबर्न में मीडिया से कहा, “मेरी तरफ से ऐसा कोई संकेत नहीं है कि वह सिडनी में अपना करियर खत्म करने जा रहे हैं। इस कैलेंडर वर्ष में उनका प्रदर्शन चयन के योग्य रहा है, इसलिए वह सिडनी टेस्ट में खेलेंगे।”

ख्वाजा ने भी अपने भविष्य को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है। सिडनी टेस्ट से पहले वह परिवार के साथ समय बिताने के लिए क्वींसलैंड लौट गए हैं। यह टेस्ट मुकाबला 4 जनवरी से शुरू होगा।

एशेज में अब तक का प्रदर्शन

87 टेस्ट मैच खेल चुके उस्मान ख्वाजा को इस एशेज सीरीज़ के पहले टेस्ट (पर्थ) में पीठ में ऐंठन की समस्या हुई थी, जिसके चलते वह ब्रिस्बेन में खेले गए दूसरे टेस्ट से बाहर रहे। इसके बाद उन्होंने वापसी करते हुए एडिलेड टेस्ट में 82 रन की अहम पारी खेली, जिससे ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज़ दो मैच शेष रहते ही अपने नाम कर ली।

हालांकि, मेलबर्न टेस्ट में ख्वाजा का प्रदर्शन फीका रहा, जहां उन्होंने दोनों पारियों में 29 और 0 रन बनाए। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

भले ही दूसरी पारी में उनके आउट होने के तरीके की आलोचना हुई हो, लेकिन आंकड़ों के लिहाज़ से इस सीरीज़ में उनका प्रदर्शन कई अन्य ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों से बेहतर रहा है। इनमें ओपनर जेक वेदराल्ड, मार्नस लाबुशेन और ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन शामिल हैं। फिलहाल ऑस्ट्रेलिया पांच टेस्ट मैचों की एशेज सीरीज़ में 3-1 से आगे चल रहा है।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *