Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
SPORTS

उत्तर प्रदेश ने जीता दिव्य शक्ति सुगम्य भारत ट्रॉफी, राजस्थान उपविजेता

दिव्य शक्ति सुगम्य भारत ट्रॉफी

—मैदान सिर्फ तन नहीं मन से जीते जाते हैं: नवरतन राठी

वाराणसी, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । डिफरेंटली एबल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ इंडिया एवं ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दिव्य शक्ति सुगम भारत ट्रॉफी प्रतियोगिता का खिताब उत्तर प्रदेश की टीम ने अपने नाम किया। सोमवार को बीएचयू के एम्फीथिएटर मैदान पर खेले गए फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने राजस्थान को 22 रनों से पराजित किया।

फाइनल में टॉस जीतकर राजस्थान के कप्तान जसवंत सिंह ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तर प्रदेश की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 161 रन बनाए। टीम की ओर से दीपेंद्र सिंह ने 25 गेंदों पर 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से ताबड़तोड़ 44 रन की पारी खेली। राजस्थान की ओर से कप्तान जसवंत सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट झटके। 162 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की टीम शुरुआत से ही नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। हालांकि सुरेंद्र कुमार ने 40 गेंदों में 3 चौके और 3 छक्कों की मदद से 53 रन की संघर्षपूर्ण अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। राजस्थान की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 139 रन ही बना सकी। उत्तर प्रदेश की ओर से कुमार राहुल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में मात्र 9 रन देकर 3 विकेट हासिल किए और उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

दीपेंद्र सिंह को बेस्ट बल्लेबाज, कुमार राहुल को बेस्ट बॉलर तथा सुरेंद्र कुमार को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व नकद पुरस्कार दिए गए, जबकि सभी खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि समाजसेवी व उद्यमी केशव जालान ने कहा कि जीवन में सफलता शारीरिक स्थिति से नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता से तय होती है। उन्होंने कहा कि जैसे राणा सांगा ने अनेक चोटों के बावजूद युद्ध जीते, वैसे ही दिव्यांगजन भी अपने हौसले के बल पर नई ऊँचाइयाँ छू सकते हैं।

मुख्य वक्ता भाजपा काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी एवं व्यापारी नेता नवरतन राठी ने कहा कि “मैदान सिर्फ तन से नहीं, मन से जीते जाते हैं।” दिव्यांग खिलाड़ियों ने अपने अदम्य साहस से देश का नाम रोशन किया है, आवश्यकता केवल अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने की है। महामंडलेश्वर दिव्यांग पीठाधीश्वर कृपानंद महाराज ने कहा कि खेल में जीत-हार प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन ईमानदारी, अनुशासन और उत्साह व्यक्ति के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। इस अवसर पर भाजपा काशी क्षेत्र के महामंत्री अशोक चौरसिया ने भी अपने विचार रखे। डिफरेंटली एबल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बीसीसीआई से संबद्ध) के रवि चौहान ने बताया कि काशी में शीघ्र ही दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय मैचों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय चौरसिया ने किया, जबकि अतिथियों का स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. उत्तम ओझा ने किया। समारोह में डॉ. डी. बी. मिश्रा, राकेश पांडेय, सुनीता तिवारी, डॉ. मनोज तिवारी, निधि अग्रवाल, मदन मोहन वर्मा, अरुण श्रीवास्तव, अरविंद चक्रवाल, आशुतोष प्रजापति, अनिल शास्त्री, युग तिवारी, भावेश सेठ, प्रदीप राजभर आदि उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *