Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
SPORTS

उत्तर प्रदेश के प्रशांत वीर बने आईपीएल के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी

घरेलू क्रिकेट में उत्तर प्रदेश के लिए खेलने वाले प्रशांत वीर

लखनऊ, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । आईपीएल नीलामी में उत्तर प्रदेश के युवा क्रिकेटर प्रशांत वीर ने इतिहास रचते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 20 वर्षीय प्रशांत आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने उन्हें 14.20 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया, जबकि उनका बेस प्राइस मात्र 30 लाख रुपये था।

नीलामी के दौरान प्रशांत वीर को लेकर जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। सबसे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने उनमें रुचि दिखाई, इसके बाद मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स भी बोली की दौड़ में शामिल हो गईं। लेकिन अंत में चेन्नई सुपर किंग्स ने सबसे ऊंची बोली लगाकर बाजी मार ली।

प्रशांत वीर उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के निवासी हैं और बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर के रूप में जाने जाते हैं। वे निचले क्रम में तेज रन बनाने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने इसी वर्ष उत्तर प्रदेश की ओर से रणजी ट्रॉफी में पदार्पण किया था। घरेलू क्रिकेट में उनके प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं और फ्रेंचाइजियों का ध्यान खींचा।

आंकड़ों की बात करें तो प्रशांत ने अब तक दो प्रथम श्रेणी मुकाबलों में दो विकेट हासिल किए हैं। टी-20 प्रारूप में उन्होंने नौ मैचों में 16.66 की औसत से 12 विकेट चटकाए हैं, वहीं बल्लेबाजी में 28 की औसत से 112 रन बनाए हैं। इसके अलावा वे यूपी टी-20 लीग में ‘एमर्जिंग प्लेयर’ भी रह चुके हैं, जहां उन्होंने 10 मैचों में 155 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 320 रन बनाए और आठ विकेट भी झटके।

नीलामी के बाद प्रशांत वीर ने स्टार स्पोर्ट्स में कहा कि उनके आदर्श युवराज सिंह हैं, जबकि मौजूदा समय में वे बेन स्टोक्स के खेल से प्रेरणा लेते हैं। उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी की मानसिक मजबूती की भी सराहना करते हुए कहा कि वह चेन्नई सुपर किंग्स में उनसे सीखने का हर संभव प्रयास करेंगे।

प्रशांत वीर की इस बड़ी उपलब्धि से उनके गृह जनपद अमेठी सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। क्रिकेट जगत में उन्हें उत्तर प्रदेश से उभरती नई प्रतिभा के रूप में देखा जा रहा है, जिनसे आने वाले आईपीएल सत्र में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / Harsh Gautam

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *