वाराणसी: बड़ागांव पुलिस ने मुठभेड़ में शातिर लूटेरे को दबोचा,लूट के गहने बरामद

वाराणसी, 05 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद की बड़ागांव पुलिस ने गुरुवार देर शाम हुई मुठभेड़ में एक लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। घायल अवस्था में पकड़े गए बदमाश की पहचान मुकेश यादव उर्फ चन्दन यादव (पुत्र मूलचन्द यादव उर्फ गुरुदेव), निवासी चन्दुआ सट्टी, छित्तूपुर, थाना सिगरा के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पास से अवैध तमंचा, कारतूस और लूट के दो सोने के गहने बरामद किए। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस टीम की इस सफलता पर डीसीपी गोमती जोन ने 25 हजार रुपये का पुरस्कार भी दिया।
डीसीपी गोमती जोन कार्यालय के अनुसार, 28 अक्टूबर की दोपहर बड़ागांव हरहुआ में एक वृद्ध महिला के घर दो बदमाश घुस गए थे। आरोपियों ने महिला को असलहा दिखाकर धमकाया, मारपीट की और उसके कानों के सोने के कुण्डल तथा गले का लॉकेट लूटकर फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले के खुलासे के लिए सीओ पिंडरा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने वारदात के आसपास के क्षेत्रों से 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सर्विलांस की मदद से बदमाशों की गतिविधियों और वाहन के मूवमेंट का पता लगाया। जांच के दौरान गुरुवार देर शाम सूचना मिली कि वारदात में शामिल एक बदमाश सम्मो माता मंदिर, रेलवे कॉलोनी, लहरतारा के पास मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में मुकेश यादव ने बताया कि वह साथी सोनू सिंह राजपूत के साथ मिलकर अकेले रहने वाले कमजोर व वृद्ध लोगों को निशाना बनाता था। दोनों रेकी कर उन्हें धमकाकर और मारपीट कर जेवरात लूटते थे तथा रकम की बराबर हिस्सेदारी करते थे। उन्होंने हरहुआ में वृद्ध महिला के घर पर भी इसी योजना के तहत लूट को अंजाम दिया। वारदात के दौरान उनका एक चप्पल मौके पर ही छूट गया था। पूछताछ में
मुकेश यादव ने स्वीकार किया कि लूट के बाद मिले दोनों सोने के कुण्डल उसने काली पन्नी में रखकर हरहुआ रिंग रोड से सारनाथ मार्ग के बीच स्थित प्रतापपट्टी गांव के एक मंदिर के पास जमीन में दबा दिए थे। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम उसे लेकर वहां पहुंची । अचानक बदमाश ने अपना वहां छिपाया हुआ तमंचा निकालकर पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली लगने से आरोपी घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया और दबाए गए गहने बरामद कर लिए। उसने बताया कि लूटा गया सोने का लॉकेट उसके साथी सोनू सिंह राजपूत के पास है। मुठभेड़ में थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक संदीप कुमार पाण्डेय, अभिषेक कुमार राय, चौकी प्रभारी हरहुआ उपनिरीक्षक अमन यादव, विकास पांडेय सहित पूरी टीम शामिल रही।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी



