Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
SPORTS

टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए खुद पर दबाव बनाता हूं: वरुण चक्रवर्ती

भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती

अहमदाबाद, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रही टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर रहे मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने कहा है कि वह आगामी टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए जानबूझकर खुद पर दबाव बनाते हैं। तीन पारियों में छह विकेट लेकर चक्रवर्ती इस सीरीज में भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं और अहमदाबाद में खेले जाने वाले पांचवें व अंतिम मुकाबले में उनका आत्मविश्वास ऊंचा है।

भारत इस समय सीरीज में 2-1 से आगे है। चौथा मैच कोहरे के कारण एक गेंद भी फेंके बिना रद्द कर दिया गया था। ऐसे में नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले आखिरी मुकाबले में भारतीय टीम 3-1 से सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगी। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की टीम पांच मैचों की सीरीज को 2-2 से बराबर करने की कोशिश करेगी। यह मुकाबला 2024 टी20 वर्ल्ड कप की दो शीर्ष टीमों के बीच खेला जाएगा।

अहमदाबाद में होने वाला यह अंतिम टी20 मुकाबला भारत के लिए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस चुनौतीपूर्ण दौरे का समापन जीत के साथ करने का सुनहरा मौका है और वरुण चक्रवर्ती भी इसमें अहम योगदान देना चाहते हैं।

जियोस्टार से बातचीत में चक्रवर्ती ने अपनी गेंदबाजी की बुनियादी बातों पर भरोसा रखने, शुरुआती अंतरराष्ट्रीय अनुभवों से सीख लेने और आसान दिखने वाले मैचों में भी खुद को मानसिक रूप से चुनौती देने की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हालिया सफलता के पीछे आत्मविश्वास और सही मानसिकता की बड़ी भूमिका रही है।

चक्रवर्ती ने कहा, “मेरी योजना बिल्कुल सरल है—बुनियादी बातों पर टिके रहना और सही लेंथ पर गेंदबाजी करना। कभी-कभी यह काम करता है और सौभाग्य से पिछले तीन मैचों में यह मेरे लिए कारगर रहा है। अगले मैच में भी मैं यही करने की कोशिश करूंगा। यह पूरी तरह मानसिकता और कौशल पर निर्भर करता है। जब आप आत्मविश्वास में नहीं होते, तो आपकी मानसिकता आपके कौशल को प्रभावित करती है।”

उन्होंने कहा, “सबसे जरूरी है आत्मविश्वास बनाए रखना और अपनी क्षमताओं पर भरोसा करना। जब आप ऐसा करते हैं, तो बिना ज्यादा बदलाव किए बेहतर तरीके से अपनी योजना को लागू कर पाते हैं। निरंतरता ही इसकी कुंजी है। इस स्तर पर निरंतर प्रदर्शन करना बेहद जरूरी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलते हुए आपको यह समझ आता है कि आप कहां खड़े हैं। अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मैच में मुझे शुरुआत में थोड़ी परेशानी हुई थी, वहीं से मैंने कई बातें सीखी। उसके बाद अभ्यास में लौटकर सुधार किए। इसलिए शीर्ष स्तर पर लगातार खेलते रहना बहुत जरूरी है।”

टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी को लेकर खुद पर दबाव बनाने की अहमियत पर चक्रवर्ती ने कहा, “वर्ल्ड कप के लिए खुद को तैयार करने के लिए खुद पर दबाव डालना बहुत जरूरी है। जब सामने कोई बड़ी चुनौती न भी हो, तब भी आपको खुद को चुनौती देनी होती है। अगर कोई मैच आसान लग रहा है, तो मानसिक रूप से खुद पर दबाव बनाकर खुद को परखना चाहिए। आत्मविश्वास, सही लेंथ पर गेंदबाजी और विपक्षी टीम को समझना बेहद अहम है। यही चीजें मैं वर्ल्ड कप में अपने साथ ले जाना चाहता हूं। विपक्ष को बेहतर तरीके से समझकर मुझे लगता है कि मैं अच्छा प्रदर्शन कर सकता हूं।”

———–

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *