Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
SPORTS

विजय दिवस विशेष : ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ का गोवा में मेगा आयोजन, खेल जगत की दिग्गज हस्तियां होंगी शामिल

फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल

पणजी, 13 दिसंबर (Udaipur Kiran) । गोवा की खूबसूरत तटरेखा रविवार, 14 दिसंबर को फिटनेस, देशभक्ति और सामूहिक सहभागिता का साक्षी बनेगी, जब ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ का विशेष विजय दिवस संस्करण आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन देश की सशस्त्र सेनाओं को समर्पित होगा।

यह साइकिल रैली सुबह 07 बजे मीरामार बीच सर्कल से शुरू होकर डोना पाउला सर्कल तक जाएगी। यह कार्यक्रम युवा मामले और खेल मंत्रालय की प्रमुख पहल है, जिसे गोवा में खेल निदेशालय के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

आयोजन से पहले शनिवार को गोवा में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें भारतीय खेल प्राधिकरण के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव और खेल प्राधिकरण गोवा के सचिव डॉ अजय गऊडे ने कार्यक्रम की जानकारी साझा की।

मयंक श्रीवास्तव ने बताया कि ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ केवल साइक्लिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक फिटनेस कार्निवल के रूप में जुम्बा, योग, रस्सी कूद जैसी कई गतिविधियों को भी शामिल करता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन अब तक अपने 53वें संस्करण तक पहुंच चुका है और बीते एक वर्ष में देशभर से करीब 20 लाख लोग इसमें भाग ले चुके हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि पहले यह मेगा इवेंट केवल दिल्ली में आयोजित होता था, लेकिन लोगों की मांग और देशभर में फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अब इसे विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आयोजित किया जा रहा है। दिल्ली के बाहर पहला आयोजन वाराणसी में हुआ था और अब गोवा इसकी मेजबानी कर रहा है।

डॉ अजय गऊडे ने कहा कि यह आयोजन नागरिकों के समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि खेल प्राधिकरण गोवा आम नागरिकों के लिए एक साइक्लिंग क्लब की शुरुआत करने जा रहा है।

इस विशेष संस्करण में गोवा सरकार के खेल मंत्री डॉ रमेश तवाड़कर और खेल सचिव संतोष गुनवंतराव सुखदेव, आईएएस की मौजूदगी रहेगी। इसके अलावा ओलंपियन और विश्व चैंपियन मुक्केबाज जैस्मिन लांबोरिया, ओलंपियन सूबेदार मनीष कौशिक, अर्जुन पुरस्कार विजेता फुटबॉलर ब्रूनो काउटिन्हो और पद्मश्री एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित फुटबॉल लीजेंड ब्रह्मानंद संखवलकर भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

भारतीय महिला सीनियर फुटबॉल टीम की पहली महिला मुख्य कोच मयमोल रॉकी भी इस साइकिल राइड में हिस्सा लेंगी। वहीं, तेलुगु हास्य कलाकार एमडी अली और अभिनेता मांचू मनोज कुमार भी लोगों को फिटनेस के प्रति प्रेरित करने के लिए मौजूद रहेंगे।

विजय दिवस की भावना को और सशक्त बनाने के लिए थलसेना, नौसेना और एनसीसी के वरिष्ठ अधिकारी और जवान भी कार्यक्रम में भाग लेंगे। राज्य के फिट इंडिया चैंपियन और एम्बेसडर भी इस आयोजन का हिस्सा होंगे।

दिसंबर 2024 में केंद्रीय खेल मंत्री डॉ मनसुख मांडविया द्वारा शुरू की गई यह पहल अब एक वर्ष पूरा कर चुकी है और देशभर में एक जनआंदोलन का रूप ले चुकी है। गोवा संस्करण को लेकर आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन फिटनेस के साथ-साथ सम्मान, एकता और देशसेवा की भावना को भी मजबूत करेगा।

——————-

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *