Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

विक्रम उद्योगपुरी: 544 करोड़ का महानिवेश,उज्जैन बनेगा वीईसीवी का नया टेक्नो हब

विक्रम उद्योगपुरी: 544 करोड़ का महानिवेश,उज्जैन बनेगा वीईसीवी का नया टेक्नो हब

उज्जैन, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश के उज्जैन में विक्रम उद्योगपुरी में 544 करोड़ रुपये का महानिवेश वॉल्वो ग्रुप और आयशर मोटर्स के संयुक्त उद्यम वीई कमर्शियल व्हीकल्स ने किया है। इससे कम्पनी मध्य प्रदेश में अपनी उत्पादन क्षमता को बढ़ाएगी। यह निवेश वॉल्वो ग्रुप करेगा और 12-स्पीड ऑटोमेटेड मैनुअल ट्रांसमिशन का उत्पादन किया जाएगा। नई ग्रीन फील्ड फैक्टरी भारत में आयशर के हेवी ड्यूटी ट्रक भारत के अलावा एशिया के अन्य देशों के बाजारों में भी बिकने जाएगा।

बुधवार को जिला प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि विक्रम उद्योगपुरी में बनने वाली यह यूनिट उज्जैन को उद्योग जगत में नई पहचान दिलवाएगी। हाल के वर्षों में यहां की सडक़ों, बिजली आपूर्ति और लॉजिस्टिक नेटवर्क में सुधार के कारण निवेशकों का विश्वास बढ़ा है। यह निवेश भारत के बढ़ते कमर्शियल वाहन उद्योग, खासकर ई-कॉमर्स और लॉजिस्टिक्स की मांग को देखते हुए भी महत्वपूर्ण है। इससे स्थानीय रोजगार बढेगा और मध्य प्रदेश को कमर्शियल वाहन उत्पादन का हब बनाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि एएमटी जैसे नवाचार ट्रक परफार्मेंस को बेहतर कर अर्थव्यवस्था को गति देंगे। कंपनी के अनुसार नई फैक्टरी वॉल्वो ग्रुप के वैश्विक गुणवत्ता मानकों के अनुरूप प्रति वर्ष 40,000 यूनिट उत्पादन की शुरुआती क्षमता रखेगी, जिसे धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा। स्थानीय सामग्री का उपयोग बढ़ाकर मेक इन इंडिया को बल मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि वर्ष-2008 में स्थापित वॉल्वो ग्रुप, स्वीडन और आयशर मोटर्स, भारत का वीईसीवीए संयुक्त उद्यम है। यह कमर्शियल वाहनों में अग्रणी है, जो आयशर ब्रांड के तहत ट्रक,बसें तथा वॉल्वो के प्रीमियम वाहन बनाता है। कंपनी का फोकस नवाचार,ईंधन दक्षता और पर्यावरण अनुकूल समाधानों पर है। वॉल्वो ग्रुप वैश्विक स्तर पर ट्रक,बस और मैरीन इंजनों में प्रमुख है। जबकि आयशर मोटर्स ट्रक, बस और इंजन के लिए प्रसिद्ध है।

* आयशर मोटर्स के चेयरमैन सिद्धार्थ लाल के अनुसार पिथमपुर फैक्टरी में वर्ष-2013 से वॉल्वो ग्रुप के 5 और 8 लीटर इंजनों का वैश्विक उत्पादन हो रहा है। यह नया निवेश कम्पनी की तकनीकी क्षमता पर आधारित है और कमर्शियल वाहन क्षेत्र में आधुनिकीकरण को बढ़ावा देगा।

* सीनियर लीडर और वीईसीवी की चेयरपर्सन सोफिया फे्रंडबर्ग ने इसे दोनों कंपनियों के बीच 18 साल की साझेदारी का परिणाम बताया। उनके अनुसार वीईसीवी ने ग्राहकों की जरूरतों के लिए भविष्योन्मुखी समाधान पेश कर दिखाया है।

* वीईसीवी के एमडी सीईओ विनोद अग्रवाल के अनुसार यह निवेश वॉल्वो ग्रुप के साथ सिनर्जी को मजबूत करता है और वीईसीवी को वैश्विक सप्लाई हब के रूप में स्थापित करता है। हम मध्यप्रदेश सरकार के आभारी हैं।

नई ऑटोमोबाइल पॉलिसी खींच रही निवेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार राज्य को ऑटोमोबाइल और मैन्युफैक्चरिंग का राष्ट्रीय केंद्र बनाने पर जोर दे रही है। नई ऑटोमोबाइल पॉलिसी के तहत निवेशकों को भूमि, बिजली, जल और लॉजिस्टिक्स में रियायतें दी जा रही हैं। डॉ. यादव का विजन है कि प्रदेश के सभी प्रमुख जिलों को न्यू इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के रूप में विकसित कर रोजगार और उत्पादन को बढ़ाया जाए। मध्य प्रदेश अब कृषि तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि उद्योग और नवाचार का नया गढ़ बनेगा।

—————

(Udaipur Kiran) / ललित ज्‍वेल

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *