14 अगस्त को सिनेमाघरों में दो बड़ी फिल्मों ‘कुली’ (रजनीकांत) और ‘वॉर 2’ (ऋतिक रोशन, जूनियर एनटीआर) की टक्कर देखने को मिली. रिलीज के पहले दिन दोनों फिल्मों ने Box Office पर जोरदार शुरुआत की थी. अब स्वतंत्रता दिवस के दूसरे दिन की कमाई के आंकड़े सामने आ चुके हैं, जिसमें ‘वॉर 2’ ने कमाल का प्रदर्शन किया और ‘कुली’ को पछाड़ने में सफल रही, हालांकि कुल आंकड़ों में ‘कुली’ की बढ़त बरकरार है.

‘वॉर 2’ की कमाई में उछाल
‘वॉर 2’ ने पहले दिन भारत में 52 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जिसमें हिंदी से 29 करोड़ और तेलुगु वर्जन से 22.75 करोड़ रुपये मिले. दूसरे दिन, यानी शुक्रवार को फिल्म ने लगभग 56.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया. दो दिनों में ‘वॉर 2’ की कुल कमाई 108 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. फिल्म में ऋतिक रोशन, जूनियर एनटीआर, कियारा आडवाणी और आशुतोष राणा मुख्य भूमिकाओं में हैं. इसे अयान मुखर्जी ने निर्देशित किया है और इसका बजट 300 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है.
‘कुली’ की रफ्तार धीमी, फिर भी बढ़त कायम
रजनीकांत की ‘कुली’ ने ओपनिंग डे पर 65 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया था, लेकिन दूसरे दिन इसकी कमाई घटकर 53.50 करोड़ रुपये रही. दो दिनों में ‘कुली’ की कुल कमाई 118.50 करोड़ रुपये हो गई है. फिल्म का निर्देशन लोकेश कनगराज ने किया है, जिसमें रजनीकांत के साथ नागार्जुन, श्रुति हासन, सौबिन शाहिर और उपेंद्र अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म में आमिर खान का कैमियो भी दर्शकों को सरप्राइज देता है.
दोनों फिल्मों का Box Office क्लैश बना चर्चा का विषय
‘कुली’ और ‘वॉर 2’ दोनों ही मेगा बजट फिल्में हैं और स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इनकी रिलीज ने दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया है. जहां ‘वॉर 2’ ने दूसरे दिन Box Office पर अपनी पकड़ मजबूत की, वहीं ‘कुली’ की ओपनिंग रफ्तार अब भी कमाई में बढ़त बनाए हुए है.