Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

टी-20 मैच से पहले लखनऊ में टीम इंडिया का मूवी ब्रेक, देखा ‘धुरंधर’

लखनऊ के फीनिक्स पलासियो मॉल में फिल्म देखनें पहुँचे भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी।

लखनऊ, 16 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले चौथे टी-20 मुकाबले से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने लखनऊ में कुछ समय सुकून के साथ बिताया। भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी सोमवार रात फीनिक्स पलासियो मॉल पहुंचे, जहां उन्होंने रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म ‘धुरंधर’ देखी।

टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा सबसे पहले मॉल पहुंचे। इसके बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर समेत अन्य खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ भी वहां पहुंचे। सभी खिलाड़ियों ने रात 10:30 बजे का शो देखा। यह मॉल इकाना क्रिकेट स्टेडियम के पास स्थित है।

बुधवार को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी-20 सीरीज का चौथा मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाना है। पांच मैचों की सीरीज में भारतीय टीम फिलहाल 2-1 से आगे चल रही है। इससे पहले सोमवार शाम दोनों टीमें धर्मशाला से लखनऊ पहुंची थीं। अमौसी एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों का उत्साहपूर्ण स्वागत देखने को मिला। हार्दिक पांड्या ने हाथ हिलाकर प्रशंसकों का अभिवादन किया, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव काले चश्मे में नजर आए और उन्होंने लखनऊ पहुंचने पर खुशी जताई।

शुभमन गिल रिलैक्स मूड में दिखे, वहीं संजू सैमसन और तिलक वर्मा आपस में बातचीत करते नजर आए। दोनों टीमों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शहर के एक नामी होटल में ठहराया गया है। खिलाड़ियों के पहुंचने से पहले होटल परिसर में डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड द्वारा सघन जांच की गई।

इधर, मुकाबले को लेकर शहर में क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। इकाना स्टेडियम में टीम इंडिया की वैकल्पिक प्रैक्टिस सत्र शाम 5 बजे से निर्धारित है। इसी दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आयोजित की जाएगी, जबकि साउथ अफ्रीका की टीम दोपहर 1:30 बजे अभ्यास करेगी। मैच के टिकट 500 रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक उपलब्ध हैं, जिन्हें ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और स्टेडियम काउंटर से खरीदा जा सकता है।

—————

(Udaipur Kiran) / Harsh Gautam

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *