Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

विकास में कोई कमी नहीं रखेंगे, हम सब मिलकर मध्य प्रदेश को बनाएंगे समृद्ध : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित अभिनंदन समारोह

-मुख्यमंत्री का शाजापुर जिले के जनप्रतिनिधियों व विभिन्न संगठनों ने किया अभिनंदन

भोपाल, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अपनेपन से कुछ और बेहतर करने की नई ऊर्जा मिलती है। शाजापुर जिले ने प्रदेश को विचारों की दिशा दी है, इसलिए विकास में पहला हक भी शाजापुर का है। शाजापुर जिले के विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। मक्सी के साथ-साथ अब शाजापुर में भी बदलाव की बयार बह रही है और हम सब मिलकर मध्य प्रदेश को एक विकसित व समृद्ध प्रदेश बनाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को भोपाल स्थित अपने निवास पर आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर शाजापुर जिले के जनप्रतिनिधियों, उद्योग संघ, डॉक्टर्स एसोसिएशन, कर्मचारी संघ, अधिवक्ता संघ, उद्योग भारती सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पुष्पहार, अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। समारोह में बीते दो वर्षों में शाजापुर जिले को मिली विकास की सौगातों का उल्लेख करते हुए ‘2 साल–बेमिसाल’ का उद्घोष किया गया।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि दो मेट्रोपोलिटन क्षेत्रों के बीच स्थित शाजापुर एक महत्वपूर्ण केंद्र बिंदु है। यहां जल्द ही मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जाएगा, जबकि शुजालपुर में आयुर्वेदिक कॉलेज का निर्माण भी कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मक्सी पहले से औद्योगिक केंद्र रहा है, लेकिन अब वहां विकास को नई गति मिली है। शाजापुर जिले में भी अनेक विकास कार्य प्रगति पर हैं और नागरिकों की अपेक्षाओं को पूरा किया जाएगा।

शाजापुर विधायक अरुण भीमावद ने इस मौके पर कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्य प्रदेश का गौरव हैं। अल्प अवधि में ही उन्होंने प्रदेश की तस्वीर बदल दी है। शाजापुर जिले को सबसे अधिक विकास कार्यों की सौगात मिली है, जिससे जिले के नागरिक अभिभूत हैं। उन्होंने बताया कि इंदौर-उज्जैन मेट्रोपोलिटन रीजन में शाजापुर जिले के बड़े हिस्से को शामिल किए जाने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

विधायक भीमावद ने कहा कि मक्सी क्षेत्र में 8000 करोड़ रुपये निवेश वाला सोलर प्लेट निर्माण उद्योग स्वीकृत हुआ है, जिसका भूमि-पूजन भी हो चुका है। इसके अलावा शाजापुर जिला पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी जोड़ो परियोजना और नर्मदा-कालीसिंध परियोजना से लाभान्वित हुआ है। शाजापुर में मेडिकल कॉलेज, आलू-प्याज मंडी को मंजूरी, शाजापुर शहर में एबी रोड का 4-लेन निर्माण तथा मक्सी-मोहन बड़ौदिया बायपास को स्वीकृति मिलने से जिले में हर्ष का माहौल है।

कालापीपल विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने कहा कि पिछले दो वर्षों में कालापीपल विधानसभा क्षेत्र में भी कई विकास कार्य स्वीकृत होकर प्रारंभ हो चुके हैं। एक महत्वपूर्ण और बहुप्रतीक्षित सड़क परियोजना का भूमि-पूजन होने के साथ निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया।

इस अवसर पर शाजापुर जिले से हेमराज सिंह सिसौदिया, दिनेश तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, डॉक्टर, व्यापारी, उद्योगपति और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।————-

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *